राष्ट्रीय स्केटिंग प्रतियोगिता में राजकुमार कॉलेज (RKC) के खिलाड़ियों का परचम
स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर वैरवीर, शिवम और जेनेशा ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का गौरव

रायपुर । राजस्थान में आयोजित ऑल इंडिया आईपीएससी स्केटिंग कॉम्पिटिशन 2026 में राजकुमार कॉलेज (RKC), रायपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
देशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच RKC के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, मेहनत और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए स्वर्ण एवं कांस्य पदक अपने नाम किए।
अंडर-11 वर्ग में RKC के प्रतिभाशाली खिलाड़ी वैरवीर सिंह सत्पथी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक एवं कांस्य पदक हासिल किया। वहीं अंडर-19 वर्ग में शिवम उपाध्याय ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक एवं कांस्य पदक अपने नाम किए। अंडर-17 वर्ग में जेनेशा ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में RKC के इन खिलाड़ियों ने देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के साथ कड़ी प्रतिस्पर्धा करते हुए अपनी जीत दर्ज की। उनकी इस उपलब्धि ने राजकुमार कॉलेज के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।
इन खिलाड़ियों की सफलता उनके निरंतर अभ्यास, समर्पण, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उनकी उपलब्धि से विद्यालय के विद्यार्थियों में भी खेलों के प्रति उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ है।

