सारंग एयर शो के लिए रूट प्लान जारी, शहर और आसपास के जिलों से आने वाले दर्शकों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित
रायपुर, दुर्ग, धमतरी, बिलासपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले दर्शकों को मिलेगी सुविधा, निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचने के लिए जारी किया गया मार्ग विवरण

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में 2 नवंबर को आयोजित होने वाले भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के एयर शो में शामिल होने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए पार्किंग स्थलों तक पहुंचने के अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। जारी रूट प्लान में रायपुर शहर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले लोगों के लिए मार्गों की जानकारी दी गई है, ताकि दर्शक सुविधाजनक तरीके से निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंच सकें।

जारी रूट प्लान के अनुसार, आरंग, खरोरा, महासमुंद, बलौदा बाजार और बिलासपुर की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए सेरीखेड़ी, नवागांव, उमरिया और नवागांव रेलवे क्रॉसिंग होते हुए क्रिकेट स्टेडियम टर्निंग से निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचने का मार्ग दर्शाया गया है। इस मार्ग से आने वाले दर्शकों के लिए पार्किंग स्थल पी-10, पी-9, पी-8 और पी-7 निर्धारित किए गए हैं।

रायपुर शहर, धरसींवा, दुर्ग, बालोद, खैरागढ़ और राजनांदगांव की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए फुंडहर चौक, जैनम तिराहा, एयरपोर्ट टर्मिनल, क्रिकेट स्टेडियम टर्निंग, सेरीखेड़ी, सेक्टर-22 टर्निंग और कबीर चौक होते हुए पार्किंग स्थलों तक पहुंचने का मार्ग निर्धारित किया गया है। इस रूट के अंतर्गत पार्किंग स्थल पी-1, पी-2, पी-3, पी-4, पी-5 और पी-6 दर्शाए गए हैं।
जारी नक्शे में कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, राजिम और अभनपुर की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए भी पार्किंग स्थलों तक पहुंचने का अलग मार्ग दर्शाया गया है। दर्शकों से अपील है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले निर्धारित मार्ग और पार्किंग स्थल की जानकारी देख लें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
सारंग एयर शो के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए निर्धारित मार्गों का पालन करना महत्वपूर्ण होगा। दर्शकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और मार्ग में यातायात बाधित न करें। इससे एयर शो स्थल तक पहुंचने और वहां से वापस लौटने में सुविधा होगी।
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाला सारंग एयर शो भारतीय वायुसेना के अद्भुत उड़ान कौशल और रोमांचक हवाई प्रदर्शन को देखने का विशेष अवसर होगा।

