टेक्नोलॉजी

रॉयल एनफील्‍ड ने लॉन्‍च की 2024 क्‍लासिक 350, जानें क्या हैं खास फीचर्स

नई दिल्‍ली। रॉयल एनफील्‍ड की ओर से भारतीय बाजार में नई क्‍लासिक 350 को लॉन्‍च कर दिया गया है। कंपनी की ओर से इसे किस तरह के फीचर्स, इंजन के साथ लाया गया है। इसकी कीमत क्‍या रखी गई है। हम आपको इस खबर में बता रहे हैं।
लॉन्‍च हुई नई रॉयल एनफील्‍ड Classic 350
रॉयल एनफील्‍ड की ओर से Classic 350 को भारतीय बाजार में लॉन्‍च कर दिया गया है। बाइक के अपड‍ेटिड वर्जन में कॉस्‍मैटिक बदलाव किए गए हैं। लेकिन इंजन में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मिले नए फीचर्स
नई क्‍लासिक 350 में नया एलईडी हैडलैंप दिया गया है। इसके अलावा नई टेललाइट और यूएसबी चार्जिंग पोर्ट के साथ अपडेट किया गया इंस्‍ट्रूमेंट क्‍लस्‍टर दिया गया है। दोनों पहियों पर डिस्‍क ब्रेक, सिंगल और ड्यूल चैनल एबीएस, 6स्‍टेप एडजस्‍टेबल शॉक एर्ब्‍जाबर को दिया गया है। बाइक में 18 और 19 इंच के व्‍हील दिए गए हैं और खास वेरिएंट्स में अलॉय व्‍हील ऑफर किया गया है। इसके अलावा बाइक में नए रंग शामिल किए गए हैं जिसमें मद्रास रेड, जोधपुर ब्‍लू, मेडेलियन ब्रॉन्‍ज, कमांडो सैंड, कॉपर हाइलाइट के साथ ग्रे और ब्‍लैक, क्रोम और कॉपर और रीगल ग्रीन हैं। इसे हेरिटेज, हेरिटेज प्रीमियम, सिग्‍नल, डार्क और एमराल्‍ड वेरिएंट में लाया गया है।
इंजन
बाइक में पहले की तरह ही 349 सीसी का जे सीरीज इंजन दिया गया है। सिंगल सिलेंडर इंजन से 20.2 बीएचपी की पावर और 27 न्‍यूटन मीटर का टॉर्क मिलता है। जिसके साथ 5स्‍पीड गियरबॉक्‍स दिया गया है।
मुकाबला
रॉयल एनफील्‍ड की ओर से इसे 350 सीसी सेगमेंट में लाया जाता है। ऐसे में इसका सीधा मुकाबला Honda CB 350, जावा और यज्‍दी जैसी बाइक्‍स के साथ होगा।
कीमत
कंपनी की ओर से इसकी एक्‍स शोरूम कीमत 199500 रुपये रखी गई है। इसके टॉप वेरिएंट की एक्‍स शोरूम कीमत को 2.30 लाख रुपये रखा गया है।

Back to top button
📰 E-Paper