
देहरादून: उत्तराखंड में गुरुवार को हुई बारिश और बर्फबारी ने पहाड़ी इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारी बर्फबारी के कारण कई मुख्य सड़कों और छोटे रास्तों पर आवाजाही ठप पड़ गई है। ठंडी हवाओं के चलते तापमान में जबरदस्त गिरावट आई है, जिससे ठंड का असर और तेज हो गया है। हालांकि, मैदानी इलाकों में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन सुबह और शाम की सर्दी अब भी बरकरार है। मौसम विभाग का कहना है कि आज भी कुछ पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है।

बर्फबारी से रास्ते बंद, ठंड ने बढ़ाई परेशानी
शुक्रवार को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी धूप निकली, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। हालांकि, कई जगहों पर बादल भी नजर आए और सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। पहाड़ों में हुई ताजा बर्फबारी के कारण कई सड़कें बंद हो गई थीं, जिन्हें शुक्रवार को साफ किया गया, लेकिन ग्रामीण इलाकों के कई पैदल रास्ते अब भी बर्फ से ढके हुए हैं।
क्या कहता है मौसम विभाग?
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, शनिवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश हो सकती है। देहरादून और अन्य मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। तापमान में फिलहाल ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है।
राज्य में तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
---|---|---|
देहरादून | 24.7 | 10.4 |
ऊधमसिंह नगर | 28.0 | 9.2 |
मुक्तेश्वर | 13.5 | 0.4 |
नई टिहरी | 13.8 | 1.6 |
नैनीताल में देर रात ओलावृष्टि, ठंड का असर बढ़ा
नैनीताल में गुरुवार देर रात ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार सुबह हल्की धूप निकली, लेकिन दोपहर बाद बादल छाने लगे और पूरे दिन धूप-छांव का खेल चलता रहा। इस दौरान सर्द हवाएं भी चलीं, जिससे ठंड का अहसास और तेज हो गया।
शनिवार से मौसम में सुधार के आसार
मौसम वैज्ञानिक डॉ. रोहित थपलियाल के मुताबिक, शनिवार से मौसम में सुधार देखने को मिलेगा। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 17°C और न्यूनतम 8°C दर्ज किया गया। आद्रता (ह्यूमिडिटी) अधिकतम 85% और न्यूनतम 55% रही। आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन सुबह और शाम ठंड बनी रह सकती है।