अपराध
Trending

नवोदय विद्यालय में छात्रा ने की आत्महत्या

झांसी । बरुआसागर स्थित नवोदय स्कूल में रैगिंग से परेशान 9वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 14 साल की छात्रा का शव हॉस्टल की सीढ़ियों पर बनी रेलिंग पर लटका मिला। आरोप है कि 12वीं की दो छात्राएं उसे परेशान कर रही थीं। छात्रा ने इसकी शिकायत शिक्षकों से कर दी तो उन्होंने अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। इस पूरे प्रकरण की जानकारी छात्रा ने अपने माता पिता को भी दी थी। डरी सहमी छात्रा ने माता-पिता को पूरी आपबीती बताई और फिर दुपट्टे से फांसी लगा ली। सूचना पर एसपी सिटी व एडीएम अरुण सिंह मौके पर पहुंच गए।
छात्रा अनुष्का पटेल झांसी के एरच थाना क्षेत्र के भदरवारा बुजुर्ग गांव की रहने वाली थी। पिता जय हिंद खेती किसानी करते हैं। मां ममता हाउसवाइफ हैं।

छात्रा के पिता ने बताया कि शुक्रवार रात नौ बजे बेटी ने मुझे फोन किया था। उसने रोते हुए बताया कि 12वीं क्लास की दो छात्राओं ने उसे खाना लाने के लिए मेस भेजा था। खाना लेकर आई तो दोनों गाली-गलौच कर धमकाने लगीं। कहने लगीं कि दो लोगों के लिए इतना कम खाना लाई हो। उनसे कहा कि दोबारा खाना ला दूंगी लेकिन दोनों ने बहुत ही बुरा बर्ताव किया। बेटी ने फोन पर कहा कि मुझे सुबह आकर स्कूल से ले जाना। मैने एक सीनियर छात्रा से बात की और उसे समझाया। इसके बाद वह बोली कि आगे से ऐसा नहीं होगा। शनिवार सुबह करीब सात बजे बेटी से बात की तो उसने कहा कि अब लेने मत आओ।

पिता ने बताया कि पूरी घटना का पता स्कूल प्रबंधन को भी चल गया था। इससे सीनियर छात्राओं को परीक्षा में नंबर कम आने का डर सताने लगा। शनिवार शाम को दोनों सीनियर्स ने बेटी को बुलाकर फिर धमकाया। कहा कि हमारे नंबर कम आए तो अंजाम बुरा होगा। इससे बेटी बहुत डर गई। शाम करीब सात बजे बेटी ने अपनी मां ममता को फोन लगाया और रोने लगी। पूछने पर सीनियर के दोबारा धमकाने की बात बताई। तब मां ने भी उसको समझाया। ममता ने पूछा खाना खा लिया, तो बोली जा रही हूं खाने। इसके बाद फोन कट हो गया। उसके बाद उसकी मौत की खबर मिली। मेस से लौटते हुए साथी छात्राओं ने उसे फंदे पर लटका देखा। इसकी जानकारी प्रधानाचार्य समेत अन्य शिक्षकों को दी। फंदे से उतार कर छात्रा को मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृत छात्रा की दो सीनियर छात्राओं से विवाद होना बताया जा रहा है। उसी को लेकर छात्रा परेशान थी। उसने अपने घरवालों को फोन कर पूरे मामले की जानकारी भी दी। फील्ड यूनिट और पुलिस साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper