कौशल से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम: आईटीआई कुरूद में एल्युमिनी मीट 2026
पूर्व प्रशिक्षार्थियों ने साझा किए अनुभव, युवाओं को मिला स्वरोजगार एवं उद्यमिता का संदेश

कुरूद। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) कुरूद में एल्युमिनी मीट 2026 का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में संस्था के पूर्व प्रशिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए प्रशिक्षण के बाद अपने अनुभव, उपलब्धियां एवं सफलता की यात्रा साझा की। पूर्व प्रशिक्षार्थियों के अनुभव वर्तमान प्रशिक्षणार्थियों के लिए प्रेरणा एवं मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण माध्यम बने।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य श्री योगेश देवांगन ने की। उन्होंने कहा कि आईटीआई में प्राप्त तकनीकी कौशल युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को अपने कौशल का बेहतर उपयोग करने तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाओं का लाभ उठाकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री भारत साव, बैंक मैनेजर, बैंक ऑफ बड़ौदा ने स्वरोजगार एवं व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए बैंक द्वारा उपलब्ध विभिन्न ऋण एवं वित्तीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने कौशल को व्यवसाय के रूप में विकसित करने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई कार्यक्रम की रौनक
एल्युमिनी मीट में गीत-संगीत एवं मनोरंजक गतिविधियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। तरुण खरे एवं पायल साहू ने गीतों की प्रस्तुति देकर समां बांधा। वहीं चित्ररंजन पटेल की संगीत प्रस्तुति को भी खूब सराहा गया। देवेंद्र, पोषण एवं खुमांशु की प्रस्तुतियों ने भी उपस्थितजनों का मनोरंजन किया।
विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के दौरान खीवेश खीवेंस एवं देवनारायण को क्रमशः मिस एल्युमिनी ऑफ द ईयर एवं मिस्टर एल्युमिनी ऑफ द ईयर चुना गया।
पूर्व प्रशिक्षार्थियों से मिला मार्गदर्शन
एल्युमिनी मीट के माध्यम से पूर्व प्रशिक्षार्थियों को संस्था से पुनः जुड़ने तथा वर्तमान प्रशिक्षणार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिला। आयोजन का उद्देश्य पूर्व एवं वर्तमान प्रशिक्षार्थियों के बीच संपर्क एवं समन्वय को मजबूत करना तथा पूर्व प्रशिक्षार्थियों की उपलब्धियों से वर्तमान युवाओं को प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री दीपक सिन्हा, श्री जयमल साहू, श्री इंद्रजीत साहू सहित संस्था के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
एल्युमिनी मीट 2026 ने पूर्व एवं वर्तमान प्रशिक्षार्थियों के बीच अनुभव, संवाद और मार्गदर्शन का मजबूत सेतु तैयार किया। पूर्व प्रशिक्षार्थियों की सफलता और अनुभवों ने वर्तमान युवाओं को कौशल के बेहतर उपयोग तथा स्वरोजगार की संभावनाओं को समझने का अवसर दिया। कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि तकनीकी शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और नए अवसरों के सृजन की मजबूत आधारशिला है।

