अपराध
Trending

व्यापारी से 10 लाख रुपये लूटने वाले शातिर लुटेरे गिरफ्तार

जांजगीर चांपा । जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने  रविवार काे पत्रकारवार्ता में एक महत्वपूर्ण मामले का खुलासा किया है। चौकी नैला क्षेत्र में एक व्यापारी से रात्रि में चाकू की नोक पर 10 लाख रुपये लूट कर भागने वाले शातिर लुटेरों को पुलिस ने मात्र सात दिनों में लूट की पूरी रकम के साथ धर दबोचा है।

एसपी ने बताया क‍ि 6 सितंबर को गणेश विसर्जन की रात करीबन 9:15 बजे की है। व्यापारी अरुण कुमार अग्रवाल निवासी नैला अपने दुकान से दुकानदारी करके स्कूटी में बैग में लाखों रुपये लेकर घर जा रहे थे। नैला गली कुबेर पारा के पास पहुंचने पर आरोपितों ने उन्हें स्कूटी से गिराकर चाकू दिखाकर बैग में रखे लाखों रुपये लूट लिए। तत्काल सूचना पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और सीएसपी कविता ठाकुर घटना स्थल पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने घटना की रात्रि में ही आरोपितों को पकड़ने के लिए चार अलग-अलग टीमें गठित कीं।

गठित टीमों के नेतृत्वकर्ता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस टीमों द्वारा घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और क्षेत्र के बदमाशों एवं व्यापारी के दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की गई। सायबर टीम जांजगीर की सक्रियता से पता चला कि व्यापारी के नजदीकी पूर्व कर्मचारी और नैला क्षेत्र के आदतन बदमाश सहित चार आरोपि‍त घटना में शामिल हैं। आरोपितों में मास्टर माइंड विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक (पूर्व नौकर), मुकेश सूर्यवंशी और निलेश पंडित उर्फ विक्की को पकड़ा गया, जिन्होंने पूछताछ में घटना करना स्वीकार किया।

आरोपितों के कब्जे से लूट की रकम नगदी 10 लाख 44 हजार रुपये और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकि‍ल बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपि‍त से तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पूछताछ करने पर 18 जुलाई को बोदसरा शराब दुकान में चोरी की घटना भी स्वीकार की, जिसमें 64 हजार रुपये बरामद हुए। बदमाश मुकेश सूर्यवंशी पर थाना जांजगीर में हत्या का प्रयास सहित अन्य अपराधिक मामले हैं और वह फरार चल रहा था।

इस कामयाबी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के नेतृत्व में निरीक्षक पारस पटेल, साइबर टीम, चौकी नैला और अन्य पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper