T20 World Cup 2026 के लिए घोषित हुई वेस्टइंडीज टीम, विकेटीकपर को बनाया गया कप्तान, तूफानी ओपनर का नाम गायब

West Indies Squad, T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 का मंच सज चुका है. भारत और श्रीलंका की मेजबानी में यह टूर्नामेंट 7 फरवरी से होने जा रहा है. कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं. भारत-पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका जैसी तमाम बड़ी टीमों का ऐलान पहले ही हो गया था. अब उस टीम ने भी अपने 15 खिलाड़ियों की तस्वीर साफ कर दी है, जो टी20 विश्व कप में टीम को खिताब दिलाने उतरेंगे. यह वही वेस्टइंडीज टीम है, जिसने 2 बार विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की है. इस टीम को विकेटकीपर बल्लेबाज शे होप लीड करेंगे. उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी मिली है.

कभी दुनिया की नंबर 1 टीम रहने वाली वेस्टइंडीज टीम में आज कई दिग्गज नहीं हैं, क्योंकि वे संन्यास ले चुके हैं. इसलिए इस बार टीम युवा खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरेगी. जिन 15 खिलाड़ियों को चुना गया है, उनका हालिया प्रदर्शन शानदार रहा था. इस टीम की खास बात यह है कि पावरफुल बल्लेबाजों के साथ कई ऑलराउंडर और तेज गेंदबाज शामिल हैं. टी20 विश्व कप से पहले यही टीम 27 जनवरी से साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज भी खेलेगी.
इन खिलाड़ियों पर रहेगी अहम जिम्मेदारी
वेस्टइंडीज के स्क्वॉड में रोवमैन पॉवेल, शे होप, जॉनसन चार्ल्स, जेसन होल्डर, रोस्टन चेज, जेडन सील्स और शिमरोन हेटमायर जैसे सीनियर खिलाड़ी हैं, जो दुनिया भर में टी20 लीग भी खेलते हैं. इन पर टीम को खिताब दिलाने की बड़ी जिम्मेदारी रहने वाली है. इसके अलावा युवा खिलाड़ियों में ब्रैंडन किंग, मैथ्यू फोर्ड, शेरफेन रदरफोर्ड, अकील होसेन और शमर जोसेफ का नाम शामिल है. वेस्टइंडीज ने जिस खिलाड़ी को पहली बार विश्व कप टीम में जगह दी है, वह क्विंटन सैम्पसन हैं.
ये 2 स्टार खिलाड़ी हैं बाहर
तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं, जबकि ओपनर एविन लुईस को जगह नहीं दी गई है. इस फैसले से फैंस हैरान भी हैं.
ग्रुप C में है वेस्टइंडीज
वेस्टइंडीज को ग्रुप C में जगह मिली है. इस ग्रुप में इंग्लैंड, नेपाल, इटली और स्कॉटलैंड भी शामिल हैं. वेस्टइंडीज अपना पहला मैच 7 फरवरी को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर स्कॉटलैंड के खिलाफ खेलेगी. पहले इस ग्रुप में बांग्लादेश टीम थी, लेकिन उसे बाहर कर दिया गया है और उसकी जगह स्कॉटलैंड की एंट्री हुई है.
T20 World Cup 2026 के लिए वेस्टइंडीज की पूरी टीम
शे होप (कप्तान), जॉनसन चार्ल्स, ब्रैंडन किंग, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, जेसन होल्डर, रोमारियो शेफर्ड, अकील होसेन, क्विंटन सैम्पसन, गुडाकेश मोती, शमर जोसेफ, जेडन सील्स.

