छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश से जन-जीवन प्रभावित, नदी-नाले उफान पर; जानें कब से मिलेगी राहत

रायपुर : छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश का दौर जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश के कारण जन-जीवन प्रभावित हुआ है। डीप डिप्रेशन के प्रभाव से दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में व्यापक वर्षा दर्ज की गई है। कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।
राजधानी रायपुर में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है और आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने रायपुर, सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। हालांकि, 27 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
High Slit Dress में ग्लैमरस दिखीं आलिया भट्ट, ‘Love and War’ में कैबरे डांसर के अंदाज ने खींचा ध्यान
रायपुर में 24 घंटे में 11 सेंटीमीटर बारिश
पिछले 30 घंटों के दौरान दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर बारिश हुई। इस दौरान कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी, जबकि कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद भी शहर में बारिश का दौर जारी रहा।
अवदाब का बना हुआ है असर
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण अंदरूनी ओडिशा के ऊपर एक अवदाब बना हुआ है। यह सिस्टम करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इसके अगले 12 घंटे तक अपनी तीव्रता बनाए रखने की संभावना है। इसके बाद अगले 12 घंटों के दौरान इसके कमजोर होकर चिन्हित निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना जताई गई है।
आज भी बारिश और गरज-चमक के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक 26 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है।
बारिश के दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवा और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।
इन संभागों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने भारी बारिश के लिए मुख्य रूप से सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों को संभावित क्षेत्र बताया है। इन इलाकों में मौसम खराब रहने और कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 26 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में रुक-रुककर कई बार बारिश हो सकती है। इसके अलावा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है।
27 सितंबर से धीमी हो सकती है बारिश
लगातार बारिश के बीच राहत की संभावना भी बन रही है। मौसम विभाग के अनुसार 27 सितंबर से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। हालांकि, इससे पहले शनिवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।

