
पानी के विवाद में युवक की बेरहमी से हत्या, शव महानदी किनारे रेत में दफन — पार्षद समेत 4 हिरासत में
रायपुर। रायपुर से लगे मंदिर हसौद इलाके में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जहां 22 मई से लापता भुवनेश्वर यादव की हत्या कर शव को महानदी किनारे रेत में दफना दिया गया था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मृतक नकटी गांव का निवासी और मोनेट कंपनी में ऑपरेटर था, जिसकी गुमशुदगी के बाद पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जानकारी के मुताबिक शराब भट्ठी के पीछे पानी को लेकर हुए विवाद में निर्दलीय पार्षद नोहर दास उर्फ गोलू रात्रे और उसके साथियों के साथ गाली-गलौज बढ़ गई, जिसके बाद आरोपियों ने भुवनेश्वर को कार में बैठाकर महासमुंद के नांदगांव घाट ले जाकर बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव को रेत में दफना दिया गया। घटना से पहले भुवनेश्वर ने अपनी पत्नी से फोन पर बात भी की थी, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। पुलिस ने टेक्निकल जांच और पूछताछ के आधार पर पार्षद समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया और उनकी निशानदेही पर शव बरामद किया गया। थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि मामला दूसरे जिले से जुड़ा होने के कारण आगे की कार्रवाई महासमुंद पुलिस को सौंप दी गई है और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच जारी है।
