15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, टी20 क्रिकेट में बनाया ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड जो पहले कभी नहीं बना

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 का आगाज 14 नवंबर से हो गया है। टूर्नामेंट में बिहार की टीम पहली बार युवा ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की कप्तानी में मैदान पर उतरी। सौराष्ट्र के खिलाफ मुकाबले में टॉस के लिए उतरते ही वैभव ने टी20 क्रिकेट में एक बड़ा विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट को मिलाकर टी20 फॉर्मेट में कप्तानी करने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने क्रोएशिया के जैक वुकुसिक का रिकॉर्ड तोड़ दिया। हालांकि, मैच में बतौर बल्लेबाज उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। वह 12 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हो गए।
15 साल 232 दिन की उम्र में संभाली टीम की कमान
बिहार क्रिकेट संघ ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए टीम का ऐलान करते हुए वैभव सूर्यवंशी को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके साथ ही उन्होंने महज 15 साल और 232 दिन की उम्र में टी20 क्रिकेट में कप्तानी की शुरुआत कर दी। इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रोएशिया के जैक वुकुसिक के नाम था। उन्होंने पिछले साल साइप्रस के खिलाफ 17 साल और 311 दिन की उम्र में पहली बार टी20 टीम की कप्तानी की थी।
वैभव ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया। वहीं, भारतीय घरेलू टी20 क्रिकेट में उनसे पहले सबसे कम उम्र में कप्तानी करने का रिकॉर्ड महिपाल लोमरोर के नाम था। उन्होंने 2018 में राजस्थान की ओर से 18 साल और 67 दिन की उम्र में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में टीम की कमान संभाली थी।
सिर्फ पहले मुकाबले में करेंगे कप्तानी
वैभव सूर्यवंशी को बिहार टीम की कप्तानी पूरे टूर्नामेंट के लिए नहीं, बल्कि सिर्फ पहले मुकाबले के लिए सौंपी गई है। बिहार क्रिकेट संघ के चीफ सेलेक्टर हरविंदर सिंह के मुताबिक, वैभव केवल शुरुआती मैच के लिए उपलब्ध थे, इसलिए उन्हें इस मुकाबले में कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई।
पहले मैच के बाद वैभव टीम से जुड़ी जिम्मेदारियों से हट जाएंगे और उप-कप्तान सूरज कश्यप बिहार की कमान संभालेंगे। दरअसल, वैभव को इंडिया-ए टीम की ओर से इमर्जिंग एशिया कप में हिस्सा लेने के लिए कतर रवाना होना है। इसी वजह से वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार के लिए केवल पहला मुकाबला ही खेल सकेंगे।

