
भोपाल। मध्यप्रदेश के रीवा, विंध्य और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अब राजधानी दिल्ली के लिए नियमित हवाई सेवा का लाभ मिलेगा। आगामी 10 नवंबर को रीवा एयरपोर्ट से 72 सीटर एटीआर-72 विमान उड़ान भरेगा। इस वायुसेवा का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू संयुक्त रूप से दोपहर 12 बजे करेंगे। कार्यक्रम से पूर्व उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा एयरपोर्ट पर सुबह 11 बजे से होने वाले शुभारंभ समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मंच व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग और आमंत्रित अतिथियों के स्वागत संबंधी सभी प्रबंधों की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि रीवा एयरपोर्ट का यह शुभारंभ केवल आधारभूत संरचना का विस्तार नहीं, बल्कि विंध्य क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इससे क्षेत्र की आर्थिक, पर्यटन और औद्योगिक प्रगति को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि एटीआर-72 विमान सेवा से न केवल रीवा और विंध्य क्षेत्र के लोगों को, बल्कि सीमावर्ती उत्तरप्रदेश के जिलों के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
शुक्ल ने बताया कि बहुत जल्द रीवा से इंदौर के लिए भी हवाई सेवा शुरू की जाएगी, जिससे यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट के माध्यम से देश के अन्य प्रमुख शहरों तक आसानी से पहुंचने की सुविधा मिलेगी। रीवा एयरपोर्ट से शुरू हो रही यह नई वायुसेवा प्रदेश सरकार की विंध्य क्षेत्र को हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने की प्रतिबद्धता को साकार करेगी।

