
CG : झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक में इंजेक्शन के बाद गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, क्लिनिक सील
बलौदाबाजार। जिले में सर्दी-खांसी का इलाज कराने गई गर्भवती महिला की झोलाछाप डॉक्टर और सरपंच के क्लिनिक में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचानक उसको उल्टी हुईं और बेहोश हो गई। डॉक्टर ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी भेज दिया। जहां जांच में पता चला कि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो चुकी थी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!वहीं, परिजनों ने शव का बिना पोस्टमॉर्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया। इसकी कहीं कोई शिकायत भी नहीं की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इंजेक्शन लगाने के बाद महिला की तबीयत बिगड़ी, उल्टियां होने लगीं और वह बेहोश हो गई। लेकिन कैमरे पर कोई बोलने तैयार नहीं है। घटना पलारी थाना क्षेत्र के छेरकाडीह जारा गांव की है
राजस्व, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक को सील कर दिया है। इस दौरान क्लिनिक से भारी मात्रा में अवैध दवाइयों के साथ गांजा भी बरामद हुआ है। आरोपी डॉक्टर पिछले 20 सालों से बिना किसी मेडिकल डिग्री के यह अस्पताल चला रहा था।
जानिए क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, अजय साहू और इंदु साहू की 2022 में शादी हुई थी। इनका ढाई साल का एक बेटा है। अभी वो दूसरी बार 4 महीने की गर्भवती थी। सर्दी-खांसी की शिकायत थी। इसलिए गुरुवार को गांव के ही बिना डिग्री वाले डॉक्टर जयंत साहू के पास इलाज के लिए पैदल पहुंची, जो छेरकाडीह जारा गांव का सरपंच भी है।
परिजनों के अनुसार, इंदु जब पहली बार डॉक्टर के क्लिनिक पहुंचीं तो वो वहां मौजूद नहीं थे। जिसके बाद घर लौट आई। थोड़ी देर बाद डॉक्टर के लौटने की जानकारी मिलने पर इंदु दोबारा उसके पास गई।
उल्टी की और बेहोश हो गई
डॉक्टर जयंत साहू ने बताया कि, इंदु को सर्दी-खांसी और सीने में दर्द थी, बीपी चेक किया। खाना नहीं खाई थी, इसलिए ज्यादा कुछ इलाज नहीं कर पाऊंगा बोला। वो करीब 15-20 मिनट तक उनके पास रुकीं। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उल्टी होने लगी।
बिना डिग्री 17 साल से कर रहा इलाज
चक्कर आने के बाद महिला गिरकर बेहोश हो गई। महिला को पानी पिलाया गया, जिससे वह कुछ देर के लिए होश में आईं, लेकिन फिर से बेहोश हो गईं। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी भेज दिया। डॉक्टर जयंत साहू ने स्वीकार किया है कि, उनके पास डिग्री नहीं है। करीब 17 साल से इलाज कर रहा है।
पति की गोद पर बेहोश पड़ी थी पत्नी- सास
महिला की सास कांति साहू ने बताया कि, जब उनकी बहू देर तक घर नहीं लौटी तो वह डॉक्टर के यहां देखने गई थी। वहां इंदु अपने पति की गोद पर अचेत अवस्था में थी। इसके बाद उसे तत्काल पलारी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने जांच के बाद बताया कि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही इंदु की मौत हो चुकी थी। महिला के नाक से झाग और खून दोनों निकला है। बीएमओ डॉ पंकज वर्मा के अनुसार महिला को लेकर अस्पताल पहुंचने वालों में कथित डॉक्टर जयंत साहू भी शामिल था।
बिना पीएम कराए शव ले गए
इस मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी अस्पताल के बीएमओ डॉ. पंकज वर्मा ने बताया कि, गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे महिला के शव को लाया गया था। परिवार वाले करीब 4 घंटे तक अस्पताल में ही आपस में बातचीत करते रहे। शाम 6 बजे उन्होंने पोस्टमॉर्टम न कराने का लिखित आवेदन दिया। जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।
अंतिम संस्कार भी किया, कहीं कोई शिकायत नहीं
इस मामले में परिजनों ने पुलिस थाने में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है और न ही कोई कार्रवाई की गई है। वहीं, शव ले जाने के बाद गुरुवार को ही परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया।
झोलाछाप डॉक्टर पर कार्रवाई
राजस्व, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने एक झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक को सील कर दिया है। कार्रवाई के दौरान क्लिनिक से भारी मात्रा में अवैध दवाइयों के साथ गांजा भी बरामद हुआ है।
नायब तहसीलदार पंकज बघेल ने बताया कि आरोपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है कि वह किस आधार पर बिना डिग्री के अस्पताल चला रहा था। बीएमओ डॉ. पंकज वर्मा ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि आरोपी उन दवाइयों का उपयोग कर रहा था, जो केवल प्रशिक्षित डिग्रीधारी डॉक्टर ही लिख सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है।

