RADA
देश-विदेश

प्रधानमंत्री मोदी आज केरल और तमिलनाडु में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन, अनेक की रखेंगे आधारशिला

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज देश के दो राज्यों केरल और तमिलनाडु का दौरा करेंगे। इस दौरान वो दोनों राज्यों में लगभग 16,450 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दोपहर लगभग 1:30 बजे केरल के एर्नाकुलम में करीब 10,800 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वह समारोह को संबोधित भी करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी शाम करीब 5:45 बजे तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में लगभग 5,650 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।

पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी एर्नाकुलम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की कोच्चि रिफाइनरी में 5,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाली पॉलीप्रोपाइलीन इकाई का शिलान्यास करेंगे। 400 किलो टन प्रति वर्ष क्षमता वाली यह इकाई पैकेजिंग, ऑटोमोबाइल, चिकित्सा उपकरण और वस्त्र उद्योग जैसे क्षेत्रों में उपयोग होने वाली सामग्री के घरेलू उत्पादन को मजबूत करेगी।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, वो सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 66 के थलापडी-चेंगला खंड के छह लेन परियोजना और वेंगलम से रामनट्टुकरा तक कोझिकोड बाईपास के छह लेन परियोजना का उद्घाटन करेंगे। ये दोनों परियोजनाएं क्षेत्र में यातायात सुगमता, सड़क सुरक्षा और पर्यटन को बढ़ावा देंगी।

प्रधानमंत्री केरल में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत निर्मित 23 ग्रामीण सड़कों का भी उद्घाटन करेंगे। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित षोरणूर जंक्शन, कुट्टिप्पुरम और चंगनाशेरी रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा षोरणूर-निलांबुर रेलवे लाइन विद्युतीकरण परियोजना को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री पलक्कड़-पोल्लाच्चि के बीच नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे केरल और तमिलनाडु के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

प्रधानमंत्री केरल के कोल्लम जिले के वेस्ट कल्लाडा में 50 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे, जो स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देगी।

तिरुचिरापल्ली में प्रधानमंत्री भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क परियोजना की आधारशिला रखेंगे, जिसकी लागत 3,680 करोड़ रुपये से अधिक है। यह परियोजना नीलगिरि और इरोड जिलों में लाखों घरों को पाइप्ड नेचुरल गैस उपलब्ध कराएगी और कई सीएनजी स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।

साथ ही प्रधानमंत्री मोदी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के चेन्नई स्थित मणाली में 672 हजार मीट्रिक टन प्रति वर्ष क्षमता वाले ल्यूब ब्लेंडिंग प्लांट को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री ग्रामीण संपर्क बढ़ाने के लिए तमिलनाडु में 370 किलोमीटर लंबी 89 ग्रामीण सड़कों का उद्घाटन करेंगे और एनएच-81 पर गंगईकोंडा चोलापुरम के पास ग्रीनफील्ड बाईपास की आधारशिला रखेंगे।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री दो अमृत भारत एक्सप्रेस, दो एक्सप्रेस ट्रेनों और एक यात्री ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे तमिलनाडु की रेल संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी।

Join Us
Back to top button
12 हजार से भी कम, 8GB रैम और 5G सपोर्ट के साथ 25,000 में ट्रेन से 7 ज्योतिर्लिंग यात्रा, जानें पूरा पैकेज और किराया IRCTC Bharat Gaurav चलेगी 10 पैसे प्रति किलोमीटर e-Luna Prime,सस्ती इलेक्ट्रिक बाइक iPhone से Pixel तक स्मार्टफोन पर बेस्ट डील्स, आज आखिरी मौका