
मुख्यमंत्री आज 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में ट्रांसफर करेंगे 1836 करोड़ रुपये
लाडली बहनों के खातों में पहुंचेगी योजना की 34वीं किश्त
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शुक्रवार को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक बहनों के बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी बिन्दु सुनील ने बताया कि ग्वालियर जिले के शबरी माता मंदिर घाटीगाँव में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में मुख्यमंत्री द्वारा उक्त राशि लाड़ली बहना योजना की 34वीं किश्त के रूप में बहनों को प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में योजना के अंतर्गत नवंबर माह से मासिक सहायता में 250 रुपये की वृद्धि की गई है, जिससे अब पात्र हितग्राही बहनों को प्रतिमाह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है।
गौरतलब है कि प्रदेश में जून 2023 से प्रारंभ हुई यह योजना महिलाओं के जीवन में आर्थिक आत्मविश्वास और सामाजिक सम्मान का नया आधार बनी है। जून 2023 से फरवरी 2026 तक योजना के तहत 33 किश्तों का नियमित अंतरण किया जा चुका है। इस अवधि में 54,140 करोड़ रुपये की राशि बहनों के खातों में सीधे अंतरित की गई है। प्रदेश सरकार अब योजना से जुड़ी महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि उन्हें कौशल उन्नयन, रोजगार और स्व-रोजगार के अवसरों से भी जोड़ा जाएगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार और समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
मुख्यमंत्री 122 करोड़ लागत के विकास कार्यों का करेंगे भूमि-पूजन व लोकार्पण
जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. यादव लाड़ली बहना सम्मेलन में ग्वालियर जिले के अंतर्गत लगभग 122 करोड़ लागत के 54 कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण करेंगे। इनमें लगभग 62 करोड़ के 19 कार्यों का लोकार्पण और लगभग 60 करोड़ रुपये लागत के 35 कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है।
ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने कार्यक्रम स्थल पर गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। साथ ही उन्होंने कहा है कि ऐसी व्यवस्था रहे, जिससे पार्किंग स्थल से लाड़ली बहनाओं सहित सुविधाजनक तरीके से कार्यक्रम स्थल पर निर्धारित सेक्टर में पहुँच सकें।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ यादव वायुमार्ग से दोपहर राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल महाराजपुरा पहुँचेंगे। यहाँ से हेलीकॉप्टर द्वारा घाटीगाँव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित देवनारायण मंदिर परिसर में बनाये गए हेलीपेड पहुँचेंगे। मुख्यमंत्री यहाँ स्थित देवनारायण मंदिर एवं कार्यक्रम स्थल के समीप स्थित शबरी माता मंदिर में भी प्रदेश की खुशहाली के लिए पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के बाद हेलीकाप्टर द्वारा वापस विमानतल पहुँचकर वायुमार्ग द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
लाड़ली बहना सम्मेलन में केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, राज्य सरकार के मंत्रीगण नारायण सिंह कुशवाह व प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह, विधायक मोहन सिंह राठौर एवं जिला पंचायत की अध्यक्ष दुर्गेश कुंवर सिंह जाटव समेत अन्य जनप्रतिनिधिगणों को आमंत्रित किया गया है।

