अब PF बैलेंस जानने के लिए नहीं लगाने होंगे चक्कर, WhatsApp पर देख सकेंगे 5 लेटेस्ट ट्रांजेक्शन

नई दिल्ली : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने करोड़ों सदस्यों की सुविधा के लिए WhatsApp आधारित नई सर्विस शुरू की है। इस सुविधा के जरिए अब कर्मचारी घर बैठे WhatsApp पर ही अपना PF बैलेंस चेक कर सकेंगे। इसके साथ ही पासबुक की जानकारी और खाते में हुए पिछले 5 ट्रांजेक्शन का विवरण भी देख पाएंगे। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने EPFO के 74वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान इस नई सुविधा की घोषणा की।
इसके अलावा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) के तहत पात्र सदस्यों को व्यक्तिगत मार्गदर्शन और सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। EPFO की इस पहल का उद्देश्य डिजिटल सेवाओं को अधिक आसान और सुलभ बनाना है।
महिला टी-20 टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ को झटका, रोमांचक मुकाबले में गोवा ने 8 रन से दी मात
WhatsApp पर मिलेंगी EPFO की ये सुविधाएं
EPFO की नई WhatsApp सर्विस के जरिए सदस्य अब कई जरूरी जानकारियां सीधे अपने मोबाइल पर प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें बार-बार EPFO कार्यालय या वेबसाइट पर जाने की जरूरत नहीं होगी।
इस सुविधा के तहत सदस्य अपना PF बैलेंस चेक कर सकते हैं। साथ ही पासबुक डाउनलोड करने और खाते में हुए पिछले 5 ट्रांजेक्शन की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा अपनी पसंद के अनुसार भाषा बदलने का विकल्प भी दिया गया है।
गौरतलब है कि EPFO पहले से ही अपने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ये सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। अब WhatsApp के जरिए इन सेवाओं तक पहुंच को और आसान बनाने की कोशिश की गई है। EPFO 3.0 फ्रेमवर्क के तहत भी सेवाओं को आधुनिक और सुविधाजनक बनाया जा रहा है।
WhatsApp पर EPFO सर्विस का इस्तेमाल कैसे करें?
अगर आप भी WhatsApp के जरिए अपना PF बैलेंस या पासबुक की जानकारी देखना चाहते हैं, तो इन आसान स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं।
सबसे पहले WhatsApp खोलें और 8796441800 नंबर पर Hi लिखकर मैसेज भेजें।
इसके बाद मिलने वाले जवाब में अपनी पसंदीदा भाषा का चयन करें।
भाषा चुनने के बाद आपको स्क्रीन पर चार विकल्प दिखाई देंगे।
पहला विकल्प PF बैलेंस चेक करने, दूसरा पिछले 5 ट्रांजेक्शन देखने, तीसरा पासबुक डाउनलोड करने और चौथा भाषा बदलने के लिए होगा।
अब अपनी जरूरत के अनुसार किसी एक विकल्प पर क्लिक करें।
उदाहरण के लिए PF बैलेंस जानने के लिए Check Balance विकल्प चुनें और मैसेज भेज दें।
इसके बाद आपको WhatsApp पर ही अपने PF खाते के मौजूदा बैलेंस की जानकारी मिल जाएगी।
हालांकि, फिलहाल सर्विस में आ रही है परेशानी: गैजेट्स 360 की टीम ने जब इस सुविधा का इस्तेमाल करने की कोशिश की, तो खबर लिखे जाने तक यह ठीक से काम नहीं कर रही थी। अलग-अलग विकल्पों पर क्लिक करने के बाद स्क्रीन पर ‘We could not complete that, something went wrong, please try again after some time’ का मैसेज दिखाई दे रहा था।
इनऑपरेटिव PF अकाउंट का पैसा भी मिलेगा वापस
EPFO ने WhatsApp सर्विस के अलावा इनऑपरेटिव कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) खातों के निपटारे के लिए भी नई सुविधा शुरू की है। इसके तहत आधार से सत्यापित ऐसे निष्क्रिय PF खातों में 1,000 रुपये तक की राशि होने पर सदस्यों को अलग से क्लेम करने की जरूरत नहीं होगी।
इस प्रक्रिया में EPFO पहचान और बैंक खाते का सत्यापन पूरा होने के बाद खुद ही सेटलमेंट की प्रक्रिया शुरू करेगा। इसके बाद संबंधित सदस्य या पात्र लाभार्थी के बैंक खाते में रकम ट्रांसफर कर दी जाएगी।
इस पहल से करीब 1 लाख निष्क्रिय खातों को फायदा मिलने की उम्मीद है। इन खातों में लगभग 5 करोड़ रुपये की राशि जमा है। नई व्यवस्था से छोटे और लंबे समय से बिना क्लेम पड़े PF बैलेंस को वापस पाना आसान होगा। साथ ही सदस्यों को पैसे निकालने के लिए लंबी क्लेम प्रक्रिया से भी नहीं गुजरना पड़ेगा।

