छत्तीसगढ़

सक्ती में वेदांता पावर प्लांट हादसा: घायलों के उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दिए त्वरित निर्देश

 

रायपुर, / सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से हुई दुर्घटना पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस घटना में श्रमिकों के निधन एवं कई लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है।

स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सचिव से चर्चा कर स्थिति की विस्तृत जानकारी ली तथा संचालक स्वास्थ्य सेवाएं एवं आयुक्त चिकित्सा शिक्षा को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। मंत्री के निर्देश पर आसपास के क्षेत्रों से एम्बुलेंस एवं चिकित्सा संसाधनों को तत्काल घटनास्थल की ओर रवाना किया गया।

घायलों के समुचित उपचार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं। रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ सहित आसपास के जिलों के अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। राज्य सरकार ने घटना की गहन एवं निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है।

Back to top button
📰 E-Paper