
यूपी में तेज हवाओं और तूफान ने मचाई तबाही, 89 लोगों की हुई मौत, इस जिलें में सबसे ज्यादा लोगों ने गंवाई जान
उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई. मिर्जापुर, भदोही, प्रयागराज, कानपुर देहात और कौशांबी समेत कई जिलों में तेज हवाओं, बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं के कारण अब तक 89 लोगों की मौत हो चुकी है. कई जगह बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए, बिजली के खंभे गिर गए और कच्चे मकान ढह गए. हादसों में कई लोग मलबे और पेड़ों के नीचे दब गए.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रयागराज में सबसे ज्यादा 17 लोगों की मौत
आंधी-तूफान का सबसे ज्यादा असर प्रयागराज जिले में देखने को मिला, जहां 17 लोगों की जान चली गई. वहीं मिर्जापुर में 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. जिला प्रशासन के मुताबिक, मिर्जापुर सदर तहसील में सात और चुनार तहसील में तीन लोगों की मौत हुई है. जिले में कई जगह पेड़, दीवार और बिजली के खंभे गिरने की घटनाएं सामने आई हैं.
भदोही में 15 लोगों की गई जान
भदोही जिले में भी तेज आंधी-तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया. यहां अलग-अलग घटनाओं में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए. इसके अलावा 16 मवेशियों की भी मौत हुई है. शाम करीब 5:30 बजे मौसम अचानक बदला और तेज हवाओं के साथ तूफान शुरू हो गया. भदोही के सुरियावां थाना क्षेत्र के खरगसेनपट्टी गांव में एक मकान पर पेड़ गिरने से महिला और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई. वहीं औराई थाना क्षेत्र में पेड़ गिरने से उसके नीचे खड़े लोगों की जान चली गई.
जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने बताया कि आंधी-तूफान से हुई घटनाओं में 15 लोगों की मौत हुई है और आठ लोग घायल हुए हैं. घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. इनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया है.
कई जिलों में मौत और नुकसान
प्रदेश के अन्य जिलों में भी आंधी-तूफान का असर देखने को मिला. फतेहपुर में नौ, प्रतापगढ़ में चार, देवरिया और हरदोई में दो-दो लोगों की मौत हुई है. वहीं कानपुर देहात और कौशांबी में एक-एक व्यक्ति की जान गई है.
सीएम योगी ने दिए राहत के निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाए. सीएम योगी ने अधिकारियों को खुद मौके पर जाकर पीड़ितों से मिलने और नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए और पीड़ितों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

