
Chandigarh के बाद अब Bathinda में 4 बड़े स्कूलों को उड़ाने की धमकी, खाली कराए गए परिसर
बठिंडा: बठिंडा शहर में वीरवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के 4 नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल मिली। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियां और स्कूल प्रबंधन हरकत में आ गए। आनन-फानन में स्कूल खाली करवाए गए और हजारों बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार दिल्ली पब्लिक स्कूल, लॉर्ड रामा स्कूल, पुलिस पब्लिक स्कूल और मिलेनियम स्कूल को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई। ईमेल में स्कूलों को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। जैसे ही स्कूल प्रबंधन ने मेल देखी, तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चारों स्कूलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। बम स्क्वॉड और सुरक्षा टीमों ने स्कूल परिसरों की गहन जांच की। हालांकि देर शाम तक किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन प्रशासन कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं दिखा।
अचानक स्कूलों में छुट्टी होने से अभिभावकों में भारी चिंता और घबराहट देखने को मिली। कई माता-पिता जल्दबाजी में स्कूल पहुंचे और बच्चों को घर लेकर गए। शहर के कई इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
धमकी भरी ईमेल की जांच अब साइबर सेल के हवाले कर दी गई है। पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है। डी.एस.पी. अरुण मुंडन ने बताया कि ईमेल मिलते ही सभी स्कूलों को खाली करवाकर जांच की गई है। स्कूलों के आसपास भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की।
गौरतलब है कि इससे पहले 23 अप्रैल को भी बठिंडा रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए मिली थी। लगातार दूसरी बार धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं।

