
जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का बड़ा विस्तार, 450 बिस्तरों की क्षमता वाला बनेगा आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र
धमतरी,। जिला अस्पताल धमतरी में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण का कार्य तेजी से जारी है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बुधवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों, उनके परिजनों तथा स्वास्थ्य कर्मियों से चर्चा की और उपलब्ध सुविधियों का जायजा लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!उन्होंने मरीजों को बेहतर, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में शुरू की गई अत्याधुनिक अटल आरोग्य लैब का अवलोकन किया गया। इस पूर्णतः स्वचालित प्रयोगशाला में जिलेवासियों को 133 प्रकार की जांच सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। फिलहाल 94 प्रकार की जांचें शुरू हो चुकी हैं, जिनमें सीरोलॉजी, हीमेटोलॉजी, इम्यूनोएसे, हार्मोन एनालाइजर, इलेक्ट्रोलाइट एनालाइजर और क्लीनिकल पैथोलॉजी जैसी महत्वपूर्ण जांचें शामिल हैं। शेष जांच सुविधाएं भी जल्द शुरू की जाएंगी।
कलेक्टर ने नागरिकों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील करते हुए कहा कि समय पर जांच कराने से गंभीर बीमारियों की पहचान और उपचार संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत बनाने, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति पर विशेष ध्यान दे रही है, ताकि लोगों को अपने ही जिले में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। जिला अस्पताल के विस्तार की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि वर्तमान में संचालित ट्रॉमा सेंटर का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण में ऑपरेशन थिएटर सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। अस्पताल में वर्तमान 250 बिस्तरों के अतिरिक्त 200 नए बिस्तर जोड़े जाएंगे, जिससे इसकी कुल क्षमता बढ़कर 450 बिस्तरों तक पहुंच जाएगी।
अस्पताल परिसर में प्रस्तावित जी-प्लस-5 भवन के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है और अगले डेढ़ से दो वर्षों में इसके निर्माण पूर्ण होने की संभावना है। इससे धमतरी सहित आसपास के जिलों के मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा तथा अस्पताल पर बढ़ते मरीजों के दबाव को कम करने में सहायता मिलेगी। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के तहत गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए 50 बिस्तरों की विशेष इकाई स्थापित की जाएगी। समयपूर्व जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं के लिए अत्याधुनिक हाई केयर यूनिट (एचसीयू) बनाई जाएगी, वहीं नेत्र रोगियों के उपचार हेतु 40 बिस्तरों वाला पृथक आई हॉस्पिटल भी विकसित किया जाएगा। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के प्रयासों के तहत हाल ही में एमडी मेडिसिन, एमडी ऑर्थोपेडिक्स और दो पैथोलॉजिस्ट ने अपनी सेवाएं शुरू की हैं। इसके अलावा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की भी पदस्थापना की जा रही है।
अस्पताल में लिफ्ट, ओटी काउंटर, एमसीएस सहित अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शेष कार्यों को आगामी 15 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया। साथ ही ब्लड बैंक यूनिट के उन्नयन और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य धमतरी के नागरिकों को अपने जिले में ही आधुनिक, सुलभ और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उपचार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम से कम हो और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक, सिविल सर्जन डॉ. अरुण टोंडर सहित स्वास्थ्य, लोक निर्माण और नगर निगम के अधिकारी उपस्थित थे।

