
कड़ा बनता है पनीर, यहां कर जाते हैं आप गलती, इस ट्रिक से बनाएंगे तो बाजार जैसा मुलायम बनेगा
आजकल पनीर में सबसे ज्यादा मिलावट पाई जा रही है। ऐसे में घर में पनीर बनाना ही बेस्ट है। दूध से आसानी से घर में पनीर बनाया जा सकता है। हालांकि कुछ लोगों की शिकायत रहती है कि पनीर बहुत कड़ा और रबड़ जैसा बनकर तैयार होता है। इसकी वजह पनीर बनाते वक्त की जाने वाली आपकी गलती हो सकती है। आज हम आपको ऐसी सिंपल टिप्स और छोटी-छोटी बातें बता रहे हैं जिससे आपका पनीर एकदम मुलायम और बाजार जैसा बनकर तैयार होगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घर में मुलायम पनीर कैसे बनाएं
पनीर बनाने के लिए कौन सा दूध लें- मुलायम और बाजार जैसा अच्छा पनीर बनाना है तो इसके लिए दूध की क्वालिटी बहुत मैटर करती है। आपको अच्छी क्वालिटी का फुल क्रीम दूध लेना है। अब दूध को किसी भारी तली के बर्तन में अच्छी तरह से उबाल लें। दूध को उबालते समय बीच में चलाते रहें जिससे मलाई साइड में न चिपके और दूध अच्छी तरह से गाढ़ा हो जाए।
दूध को फाड़ने के लिए क्या इस्तेमाल करें- पनीर बनाने के लिए दूध फाड़ रहे हैं तो आप सफेद सिरका या फिर नींबू का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे दूध आसानी से फट जाएगा और पनीर भी अच्छा बनेगा। हां आपको ध्यान इस बात का रखना है कि जो भी चीज दूध फाड़ने के लिए इस्तेमाल करें। पहले उसे थोड़ा पानी मिलाकर पतला कर लें जैसे अगर आप नींबू से दूध फाड़ रहे हैं तो 1 चम्मच नींबू के रस में 1 चम्मच पानी मिला लें। अब इसे दूध में डालें। ध्यान रखें एक साथ पूरा नींबू का घोल न डालें। बल्कि थोड़ी-थोड़ी देर बाद मिलाएं। बीच में दूध को हल्के हाथों से चलाते रहें। जब दूध फट जाए और पानी अलग हो जाए तो और ज्यादा नींबू न डालें।
मुलायम पनीर कैसे बनाएं- अब यही सबसे जरूरी स्टेप है जहां आपको बिल्कुल भी गलती नहीं करनी है। ज्यादातर लोग दूध फटने के तुरंत बाद पनीर को निकालकर अलग कर देते हैं और इसे किसी कपड़े में बांधकर पानी निकाल देते हैं। इससे पनीर कड़ा हो जाता है। लेकिन मुलायम पनीर बनाने के लिए आपको जल्दबाजी नहीं करनी। दूध के फटने के बाद गैस बंद कर दें और पनीर को उसी पैन में करीब 2-3 घंटे के लिए डालकर छोड़ दें। इससे पनीर अच्छी तरह से पानी सोख लेता है। इससे पनीर फूल जाता है और ज्यादा मुलायम बनता है।
पनीर को सेट करने से पहले धो लें- अब जब पनीर को सेट करना हो तो पहले 1-2 बार साफ पानी से धो लें। इससे पनीर में आने वाली नींबू की खटास निकल जाएगी। अब पनीर को किसी कपड़े में बांधकर रख दें। किसी भारी चीज से दबा दें और आधा घंटे बाद निकालकर किसी टिफिन में बंद करके रख दें। इस तरह बना पनीर एकदम मुलायम बनेगा।

