
चेम्बर भवन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग शिविर का सफल आयोजन हुआ
चेम्बर भवन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग शिविर का सफल आयोजन
आज दिनांक 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में, चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा चेम्बर भवन में चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के मार्गदर्शन में एक दिवसीय योग शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में श्री राकेश चतुर्वेदी, भूतपूर्व प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन बल प्रमुख एवं अध्यक्ष राज्य जैव विविधता बोर्ड, छत्तीसगढ़ शासन, जी के मुख्य आतिथ्य में बड़ी संख्या में व्यापारिगण एवं आमजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, चेम्बर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य अतिथि श्री संजय शर्मा जी को पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सुबह 7 से 8 बजे तक चले इस योग शिविर में योग एवं फिटनेस विशेषज्ञ डॉक्टर सुनील शुक्ला तथा योग प्रशिक्षक प्रीति सलूजा एवं संगीता मंडल शर्मा द्वारा विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। शिविर में उपस्थित व्यापारिगण एवं आमजनों को योग के शारीरिक और मानसिक लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई, जिससे उन्हें अपनी दिनचर्या में योग को शामिल करने के लिए प्रेरणा मिली।
चेम्बर कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी ने कहा कि आज की इस बेहद व्यस्त और तनावभरी व्यावसायिक जीवनशैली में योग हमारे लिए कोई विकल्प नहीं, बल्कि एक अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर आयोजित इस योग शिविर का मूल उद्देश्य ही हमारे व्यापारी भाइयों और बहनों के बीच स्वास्थ्य, सकारात्मकता और मानसिक शांति का संचार करना है।
कार्यकारी अध्यक्ष राधा किशन सुन्दरानी कहा कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं है, बल्कि यह आंतरिक शांति और तनाव प्रबंधन की एक अद्भुत विधा है। जब एक व्यापारी मानसिक रूप से शांत और शारीरिक रूप से स्वस्थ होगा, तभी वह अपने व्यापार को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकेगा। हमारा यह संकल्प है कि स्वास्थ्य से जुड़े ऐसे कल्याणकारी आयोजन भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
चेम्बर का समस्त व्यापारी जगत से करबद्ध अनुरोध है कि योग को केवल एक दिन का उत्सव न बनाकर, इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाएं। हमें योग की इस अलख को सामाजिक स्तर तक ले जाना है, ताकि समाज का हर वर्ग, हर नागरिक इसके महत्व को समझे, निरोगी रहे और अपना जीवन सार्थक बनाए।
कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सलूजा ने बताया कि योग के इस उत्सव को और अधिक भव्य और प्रेरणादायी बनाने के लिए, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स द्वारा आज शाम ठीक 5:00 बजे, मैग्नेटो मॉल में एक विशेष ‘योगा लीजेंड्स’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में उन 51 महान योग गुरुओं का सम्मान करने जा रहे हैं, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से समाज को स्वस्थ रखने का बीड़ा उठाया है। इसके साथ ही, उपस्थित जनसमुदाय को प्रेरित करने के लिए वहां शानदार एरोबैटिक योग का प्रदर्शन होगा। कार्यक्रम को और खुशनुमा बनाने के लिए सेलिब्रिटी सिंगर धीरज जी की सुरीली प्रस्तुतियां होंगी तथा एक आकर्षक लकी ड्रा भी रखा गया है। मेरा आप सभी से सादर आग्रह है कि इस गौरवमयी आयोजन में सपरिवार एवं मित्रों सहित बड़ी संख्या में शामिल हों। आइए, मिलकर स्वास्थ्य और सजगता के इस कारवां को आगे बढ़ाएं और एक स्वस्थ, समृद्ध समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता दर्ज कराएं।
अंत में योग एवं फिटनेस विशेषज्ञ डॉ. सुनील शुक्ला एवं योग प्रशिक्षक प्रीति सलूजा एवं संगीता मंडल शर्मा जी को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर चेम्बर सलाहकार अमर गिदवानी अरविंद जैन, मोहनलाल तेजवानी, अशोक मलानी, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी, राधा किशन सुन्दरानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन, दिलीप इसरानी, महेंद्र बगरोडिया, प्रकाश लालवानी, सोनिया साहू, मंत्री राजेंद्र पारख, सुनील शुक्ला, निखिल एम ज़वेरी, आशीष वासवानी, आलोक शर्मा, ट्रांसपोर्ट चेम्बर अध्यक्ष हरचरण सिंह साहनी, महिला चेम्बर अध्यक्ष डॉ. ईला गुप्ता, कोषाध्यक्ष नम्रता अग्रवाल, पार्षद एवं ज़ोन अध्यक्ष सचिन मेघानी सहित व्यापारिक संघ के प्रमुख पदाधिकारी एवं आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस योग कार्यशाला के संयोजक चेम्बर उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन , कार्यकम प्रभारी-चेम्बर उपाध्यक्ष-वासुदेव जोतवानी, प्रकाश लालवानी, सोनिया साहू ,मंत्री-प्रशांत गुप्ता, राजेंद्र पारेख, आलोक शर्मा रहे ।

