रायपुर नगर निगम के ठेकेदारों का काम बंद का ऐलान, महीनों से भुगतान नहीं मिलने पर 6 जुलाई से हड़ताल

रायपुर नगर निगम के सिविल, जल, विद्युत और सफाई कार्यों से जुड़े ठेकेदारों ने लंबे समय से लंबित भुगतान के विरोध में 6 जुलाई 2026 (सोमवार) से काम बंद करने का निर्णय लिया है। ठेकेदारों का कहना है कि महीनों से भुगतान नहीं होने के कारण वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। लेनदारों का दबाव, कर्मचारियों के वेतन, बच्चों की फीस, घरेलू खर्च और अन्य जरूरी जरूरतों को पूरा करना उनके लिए मुश्किल होता जा रहा है। भुगतान के अभाव में नगर निगम के कई विकास कार्य भी प्रभावित हो गए हैं।
ठेकेदारों का आरोप है कि नए आयुक्त के कार्यभार संभालने के बाद से बिल भुगतान की प्रक्रिया पूरी तरह धीमी हो गई है। उनका कहना है कि भुगतान में तेजी लाने के उद्देश्य से ई-फाइलिंग सिस्टम लागू किया गया, लेकिन कुछ अधिकारियों की उदासीनता और तकनीकी प्रक्रिया के कारण फाइलों का निपटारा समय पर नहीं हो रहा है। साथ ही, ऑडिट प्रक्रिया में भी अनावश्यक आपत्तियां लगने से भुगतान और अधिक लंबित हो रहा है, जिससे ठेकेदारों को अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ठेकेदारों का कहना है कि वे अपनी समस्याओं को लेकर आयुक्त, महापौर, नेता प्रतिपक्ष सहित नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के समक्ष कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। इसी के विरोध में सभी ठेकेदारों ने 6 जुलाई से काम बंद कर आंदोलन शुरू करने का फैसला लिया है। उनका कहना है कि जब तक लंबित भुगतान और अन्य समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

