टेक्नोलॉजी

अब AI करेगा आपकी शॉपिंग! पसंद का सामान ढूंढने से लेकर पेमेंट और ऑर्डर तक संभालेगा पूरा काम

टेक्नोलॉजी डेस्क। आने वाले समय में ऑनलाइन शॉपिंग का तरीका पूरी तरह बदल सकता है। अब आपको अपनी पसंद का सामान खोजने, उसकी कीमत की तुलना करने और कार्ट में जोड़ने के लिए बार-बार अलग-अलग वेबसाइट खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एजेंट आपकी पसंद और बजट के हिसाब से सामान ढूंढने से लेकर ऑर्डर प्लेस करने तक का काम कर सकेंगे। कुछ सेवाओं में AI आपकी तरफ से पेमेंट भी कर पाएगा।

Android यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव: जनवरी 2027 से ऐप डाउनलोड करने के नियम बदलेगा Google, जानें क्या होगा नया

OpenAI, Google और Amazon जैसी बड़ी टेक कंपनियां इस दिशा में काम कर रही हैं। इन AI एजेंट्स को यूजर अपनी जरूरत, बजट और खर्च की सीमा बता सकता है। इसके बाद ये उसी के अनुसार शॉपिंग की प्रक्रिया पूरी करने में मदद करते हैं। हालांकि, कुछ सेवाओं में पेमेंट से पहले यूजर की मंजूरी जरूरी होती है।

फिलहाल अमेरिका में ऐसी कई सुविधाएं उपलब्ध हैं, जबकि भारत में AI के जरिए खरीदारी और भुगतान से जुड़े विकल्पों पर काम चल रहा है। UPI के माध्यम से AI पेमेंट को सक्षम बनाने के लिए भी ट्रायल किए जा रहे हैं।

ChatGPT: AI एजेंट से शॉपिंग और भारत में वर्चुअल ट्राई-ऑन

OpenAI अपने ChatGPT प्लेटफॉर्म पर AI की मदद से खरीदारी को आसान बनाने की दिशा में काम कर रहा है। उपलब्ध सुविधाओं के जरिए यूजर प्रोडक्ट खोजने और खरीदारी से जुड़े कई काम कर सकते हैं। अमेरिका में कुछ चुनिंदा यूजर्स के लिए एजेंट आधारित शॉपिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

भारत में ChatGPT के जरिए Shopify से जुड़े ऑनलाइन स्टोर्स के प्रोडक्ट्स सर्च किए जा सकते हैं। खास बात यह है कि कपड़ों और एक्सेसरीज के कुछ प्रोडक्ट्स पर ‘Try On’ का विकल्प मिलता है। इस फीचर की मदद से यूजर अपनी फोटो या सेल्फी अपलोड करके देख सकते हैं कि कोई कपड़ा या एक्सेसरी उन पर कैसी दिखाई देगी।

Gemini: प्रोडक्ट सर्च से चेकआउट तक मिलेगी मदद

Google का Gemini भी AI आधारित शॉपिंग को आसान बनाने पर काम कर रहा है। इसके टास्क फीचर में यूजर अपनी जरूरत और पसंद बता सकते हैं। इसके बाद AI प्रोडक्ट खोजने, विकल्पों की जानकारी देने और कार्ट में सामान जोड़ने जैसी प्रक्रियाओं में मदद कर सकता है।

अमेरिका में Google Pay से जुड़े Visa और Mastercard के माध्यम से भुगतान का विकल्प भी दिया गया है। यूजर चाहें तो पेमेंट से पहले अपनी मंजूरी अनिवार्य कर सकते हैं। इसके अलावा खर्च की सीमा निर्धारित करने का विकल्प भी उपलब्ध है।

भारत में क्या है सुविधा?

भारत में Gemini की मदद से प्रोडक्ट खोजने और उन्हें कार्ट तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, फिलहाल भुगतान की प्रक्रिया यूजर को खुद पूरी करनी पड़ती है।

Amazon: कीमत कम होते ही AI करेगा ऑर्डर

Amazon भी AI आधारित शॉपिंग के क्षेत्र में नए फीचर्स पर काम कर रहा है। इसके Auto-buy फीचर की मदद से यूजर किसी प्रोडक्ट की मनचाही कीमत या डिस्काउंट की सीमा तय कर सकते हैं। जैसे ही सामान की कीमत निर्धारित सीमा तक पहुंचती है, सिस्टम अपने आप ऑर्डर की प्रक्रिया शुरू कर सकता है।

अमेरिका में इस सुविधा के तहत प्रोडक्ट कार्ट में जुड़ने के साथ सेव किए गए कार्ड से भुगतान करने का विकल्प भी दिया गया है। एक प्रोडक्ट के लिए ऑटो-बाय ट्रैकर छह महीने तक सक्रिय रह सकता है।

भारत में क्या कर सकेंगे यूजर?

भारत में Amazon पर प्रोडक्ट की कीमत ट्रैक करने और AI की मदद से सामान को कार्ट में जोड़ने जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, भुगतान के लिए यूजर को खुद प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

AI से बदल जाएगा ऑनलाइन शॉपिंग का अनुभव

AI एजेंट्स के आने से ऑनलाइन खरीदारी पहले के मुकाबले ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो सकती है। यूजर को अपनी जरूरत और बजट बताना होगा, जिसके आधार पर AI अलग-अलग विकल्प खोजकर खरीदारी में मदद करेगा।

चक्रवात अकवान से फसल नुकसान पर CM साय का भरोसा, बोले- किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं, सर्वे के बाद मिलेगा मुआवजा

हालांकि, AI को खरीदारी और भुगतान की जिम्मेदारी सौंपते समय खर्च की सीमा, पेमेंट अप्रूवल और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी होगा। भारत में फिलहाल AI शॉपिंग की सुविधाएं सीमित हैं, लेकिन भविष्य में UPI और अन्य डिजिटल पेमेंट विकल्पों के साथ इनके विस्तार की संभावनाएं हैं।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper