
अवैध प्लाटिंग और कॉलोनियों पर सख्ती: आयुक्त संबित मिश्रा ने सर्वे कर कार्रवाई के दिए निर्देश
अवैध नल कनेक्शनों के नियमितिकरण एवं निर्धारित लक्ष्य अनुसार राजस्व वसूली की जाये
रायपुर – आज रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त श्री संबित मिश्रा ने नगर निगम मुख्यालय भवन महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल सभाकक्ष में साप्ताहिक टीएल बैठक लेकर विभिन्न कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेकर समीक्षा करते हुए संबंधित नगर निगम अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आयुक्त श्री संबित मिश्रा ने टीएल बैठक में सभी जोन कमिश्नरों को जोन अंतर्गत वार्डो में अवैध निर्माणों, अवैध प्लाटिंग अवैध कालोनियों के प्रकरणों के स्थलो को चिन्हित कर उनमें नियमानुसार प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये है। आयुक्त ने मुख्य मार्गों में बिना पार्किंग व्यवस्था नियमानुसार दिये संचालित व्यवसायिक परिसरो का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करने एवं नियमानुसार कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश सभी जोन कमिश्नरो को दिये है। आयुक्त ने कैच द रैन अभियान अंतर्गत रायपुर नगर निगम क्षेत्र के सभी जोनो के समस्त वार्डो में वर्षा जल संचयन रैन वाटर हार्वेस्टिंग कार्य अधिक से अधिक स्थानो पर जन जागरण अभियान चलाकर करवाना प्राथमिकता से सुनिश्चित करने जोन कमिश्नरों को निर्देशित किया है।
आयुक्त श्री संबित मिश्रा ने जोन कमिश्नरो एवं प्रभारी अधिकारियों को सीएम हेल्प लाईन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर कॉल सेंटर, निदान 1100 सहित जनप्रतिनिधियों से प्राप्त पत्रों एवं सभी जनशिकायतों का व्यवस्थित रूप से त्वरित निदान सुनिश्चित करने निर्देश दिये है। आयुक्त ने नगर निगम रायपुर के हित को सर्वोपरि मानकर दिये गये निर्धारित दैनिक साप्ताहिक लक्ष्य के अनुसार रायपुर नगर निगम के लिए राजस्व वसूली तत्काल गतिमान कर सुनिश्चित करने सभी जोन कमिश्नरों एवं जोन सहायक राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है। आयुक्त ने अधिकारियों को नागरिको को 30 सितम्बर 2026 तक नगर निगम रायपुर को वर्तमान वित्त वर्ष 2026-27 के संपत्तिकर की पूर्ण अदायगी पर दी जा रही संपत्तिकर में 5 प्रतिशत की छुट का लाभ देकर अधिक से अधिक संपत्तिकर वसूली करना सुनिश्चित करने निर्देशित किया है। आयुक्त ने रायपुर नगर निगम के बड़े बकायेदारो से नियमानुसार प्रक्रिया के तहत सख्ती के साथ कुर्की सीलबंदी की कार्यवाही कर बकाया राजस्व वसूला जाना सुनिश्चित करने सभी जोन कमिश्नरो को निर्देशित किया है।
आयुक्त श्री संबित मिश्रा ने अवैध नल नियमितिकरण अभियान सभी जोनो एवं सभी वार्डो में नागरिको को जानकारी देकर योजना का लाभ देकर चलाना एवं तत्काल गतिमान कर अभियान का प्रभावी कियान्वयन नगर निगम के हित में सुनिश्चित करने जोन कमिश्नरो को निर्देशित किया है। आयुक्त ने अब तक जोनो में अवैध नलो के नियमितिकरण हेतु प्राप्त आवेदनो में नियमितिकरण कार्यवाही की प्रक्रिया निर्धारित नियमानुसार करने के निर्देश जोन कमिश्नरो को दिये है।
आयुक्त ने साप्ताहिक टीएल बैठक में सभी जोन कमिश्नरो को कचरा व गंदगी पर नियमानुसार जुर्माना करने, नियमानुसार ग्रीन नेट लगाये बिना निर्माण कार्यों को करने पर जुर्माना करने, सी एण्ड डी वेस्ट जुर्माना की कार्यवाही ई चालान के माध्यम से करने, सडक पर कब्जा करने वालो पर समझाईश देकर जुर्माना करने की कार्यवाही लगातार जोन स्तर पर करने के निर्देश दिये है। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की प्रगति की जानकारी लेकर इसे शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश दिये गये है। वहीं अधिकारियों को बीएलसी घटक अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्र हितग्राहियों के मकान निर्माण की कार्यवाही नियमानुसार भवन अनुज्ञा स्वीकृत कर शीघ्र प्रारंभ करवाकर पूर्ण करवाने के निर्देश दिये गये है।
आयुक्त श्री संबित मिश्रा द्वारा ली गई साप्ताहिक टी एल बैठक में नगर निगम अपर आयुक्त सर्वश्री लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा, विनोद पाण्डेय, श्रीमती कृष्णा खटीक, मुख्य अभियंता श्री संजय बागडे, अधीक्षण अभियंता श्री राजेश राठौर, श्री इमरान खान, नगर निवेशक श्री आभास मिश्रा, सभी उपायुक्तगणों, जोन कमिश्नरों, कार्यपालन अभियंताओं उपस्थिति रही। सहायक अभियंताओं, सभी विभागो के प्रभारी अधिकारियों की उपस्थिति रही।
