रोजवुड में भव्य गणेशोत्सव पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न
भक्ति, संस्कृति और प्रतिभाओं के सम्मान से सजा समारोह — विजेता प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत

रायपुर ,02 अक्टूबर 2026/ हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, बोरियाकला स्थित गणेश प्रांगण में रोजवुड सांस्कृतिक समिति द्वारा आयोजित 8वें भव्य गणेशोत्सव के पुरस्कार वितरण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्री नंदे साहू उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में ग्राम पंचायत बोरियाकला के सरपंच श्री हिमांचल साहू, सामाजिक कार्यकर्ता श्री भगीरथ पांडे तथा ग्रीन्स विले बोरियाकला रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष श्री देवता दिन दुबे उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान श्री गणेश के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विजेता प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
नवीन धान उपार्जन केंद्रों की स्वीकृति से किसानों को मिलेगी बड़ी सुविधा — मंत्री श्री दयालदास बघेल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री नंदे साहू ने कहा कि गणेशोत्सव भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता का पर्व है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ ही बच्चों, युवाओं और महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने रोजवुड सांस्कृतिक समिति द्वारा लगातार आठ वर्षों से गणेशोत्सव के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की सराहना की तथा सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में पुरस्कार से अधिक महत्वपूर्ण सहभागिता और अपनी प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत करने का प्रयास है।
रोजवुड सांस्कृतिक समिति के श्री लक्ष्मीकांत कोसरिया ने समिति परिवार एवं समस्त रोजवुड परिवार की ओर से अतिथियों और कॉलोनीवासियों का स्वागत करते हुए कहा कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं नैतिक मूल्यों को भावी पीढ़ी से जोड़ने का माध्यम है। समिति का उद्देश्य कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उन्हें अपनी कला एवं हुनर प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने बताया कि 14 सितंबर को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री गणेश की स्थापना कर गणेशोत्सव का शुभारंभ हुआ था। लगभग 12 दिनों तक चले इस आयोजन में प्रतिदिन सुबह-शाम आरती एवं पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए। खराब मौसम के कारण 24 सितंबर को प्रस्तावित पुरस्कार वितरण समारोह स्थगित कर इसे बाद में आयोजित किया गया।
गणेशोत्सव के दौरान विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए रंगोली एवं चित्रकला, शंख वादन, गीत, गजल एवं भजन, म्यूजिकल चेयर, हाउजी, पिलो पासिंग, आनंद मेला, एकल एवं सामूहिक नृत्य, फैंसी ड्रेस, कपल्स गेम, रैम्प वॉक, महाआरती एवं संगीतमय सुंदरकांड पाठ सहित अनेक प्रतियोगिताएं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें महिलाओं, बच्चों, युवाओं एवं कॉलोनीवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर श्री लक्ष्मीकांत कोसरिया ने कहा कि जीत और हार प्रतियोगिता का हिस्सा हैं, वास्तविक सफलता प्रतियोगिता में भाग लेने और अपनी प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत करने के साहस में है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रतिभागी अपने प्रयास के लिए सम्मान का हकदार है।
रोजवुड सांस्कृतिक समिति के कार्यकारी अध्यक्ष श्री राकेश दास वैष्णव ने समारोह के सफल आयोजन के लिए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, कॉलोनीवासियों, समिति के संरक्षकों, संयोजक मंडल, कार्यक्रम प्रभारियों, सह-प्रभारियों एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कॉलोनीवासियों के आर्थिक, मानसिक एवं श्रम सहयोग तथा सामूहिक सहभागिता से ही गणेशोत्सव का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।मंच संचालन डॉ कविता कोसरिया ने किया।
समारोह के अंत में भंडारा प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कॉलोनीवासियों एवं अतिथियों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम का समापन भगवान श्री गणेश से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं आपसी प्रेम बनाए रखने की प्रार्थना के साथ हुआ। उपस्थित श्रद्धालुओं ने “सिद्धि विनायक गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया” के जयघोष के साथ गणेशोत्सव के उल्लास को और अधिक जीवंत कर दिया।

