जांजगीर में 7 अक्टूबर को विकसित भारत संकल्प सभा, पीएम मोदी वर्चुअली करेंगे संबोधित

जांजगीर-चांपा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को जांजगीर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य आयोजन पुलिस ग्राउंड खोखरा, जांजगीर में सुबह 9 बजे से होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से सभा को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री के संबोधन से पहले कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन का विशेष आकर्षण 76×76 फीट क्षेत्र में तैयार की जा रही ‘सेवा के रंग’ की भव्य रंगोली होगी। इसके जरिए सेवा, समर्पण, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के बाद सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी और लोगों तक सेवा, राष्ट्र निर्माण एवं विकसित भारत के संकल्प का संदेश पहुंचाएगी। यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस ग्राउंड खोखरा में आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन और कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह का माहौल है।

