यातायात ड्यूटी के साथ अपराध नियंत्रण में भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले 61 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
यातायात पुलिस की सजगता से आर्म्स एक्ट, चोरी एवं लूट के 22 प्रकरणों में आरोपियों की धरपकड़ और बरामदगी में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

रायपुर । शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के साथ-साथ ड्यूटी के दौरान अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले यातायात पुलिस के 61 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं इनाम प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर श्री अमित तुकाराम कांबले (भा.पु.से.) ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।

यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी अपने नियमित यातायात प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था संबंधी दायित्वों के निर्वहन के साथ ही ड्यूटी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखते हैं। इसी सजगता और तत्परता के चलते पिछले दो माह में 22 आपराधिक प्रकरणों में आरोपियों की पहचान, धरपकड़ तथा चोरी के वाहनों एवं हथियारों की बरामदगी में यातायात पुलिस के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ड्यूटी के दौरान सजगता का परिचय देते हुए आर्म्स एक्ट के 5 प्रकरणों में आरोपियों से चाकू एवं अन्य हथियार बरामद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 13 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें सउनि उदल सिंह साहू, प्रधान आरक्षक श्रीकांत मिश्रा, रामूराम महिलांगे, हरिवंश कंवर, आरक्षक युगल किशोर यदु, सेतराम दीवान, विशाल सोरी, ओम कुमार दीवान, रज्जब खान, नव आरक्षक रोहित सिंह, नारेंद्र राय, सूर्यप्रकाश एवं पीला सिंह शामिल हैं।

यातायात ड्यूटी के दौरान चोरी के वाहनों की पहचान कर उनकी बरामदगी कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 21 अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र एवं इनाम प्रदान किया गया। इनमें निरीक्षक विशाल कुजूर, अम्बरीश शर्मा, गोविंद यादव सहित प्रधान आरक्षक लंबोदर साहू, नरेन्द्र कुमार श्रीवास, कुलेश्वर राजपूत तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।

इसी प्रकार लूट के 7 प्रकरणों में तत्परता एवं सजगता का परिचय देते हुए आरोपियों को पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 27 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें निरीक्षक अमित पद्मशाली, नवल किशोर कश्यप, सउनि नारायण वर्मा, प्रधान आरक्षक अमित मिश्रा, आशुतोष नेताम, टेकराम वर्मा, अभय राव, विनय शुक्ला, विजय मारकण्डे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।
इस प्रकार आर्म्स एक्ट के 5, चोरी के 10 और लूट के 7, कुल 22 प्रकरणों में 61 अधिकारी-कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों की कार्यकुशलता, सजगता एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि यातायात पुलिस का प्रमुख दायित्व शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है, लेकिन ड्यूटी के दौरान अपराध घटित होते देखने अथवा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर अपराधियों को पकड़ना पुलिस की सतर्कता एवं जिम्मेदारी का परिचायक है। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिसकर्मियों द्वारा अपराध नियंत्रण में निभाई गई यह भूमिका पूरे यातायात पुलिस कमिश्नरेट के लिए उपलब्धि है और अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर श्री अमित तुकाराम कांबले ने कहा कि आम नागरिक का पुलिस से सबसे पहला और नियमित संपर्क कई बार थाने में नहीं, बल्कि सड़क पर तैनात यातायात पुलिसकर्मी के माध्यम से होता है। चौराहे और सड़क पर तैनात जवान का व्यवहार एवं कार्यकुशलता जनता के मन में पूरी पुलिस व्यवस्था की छवि बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सम्मानित पुलिसकर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सजगता पुलिस के प्रति जनता के विश्वास को मजबूत करती है।
पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा ने सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों की कार्यकुशलता, सजगता एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस भविष्य में भी इसी निष्ठा, सजगता एवं तत्परता के साथ नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
सम्मान कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात श्री राम कुमार बर्मन, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात श्रीमती स्नेहिल साहू, श्री रमेश येरेवार, श्री सतीष ठाकुर, श्री कमलजीत पाटले, श्रीमती सीमा अहिरवार सहित यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

