छत्तीसगढ़

57वीं GST Council के ऐतिहासिक सुधारों का छत्तीसगढ़ चेम्बर ने किया स्वागत

व्यापारियों, MSME और छोटे व्यवसायों के लिए सरल, पारदर्शी एवं व्यापार-अनुकूल GST व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम : सतीश थौरानी

रायपुर। 57वीं GST Council की आज आयोजित बैठक में व्यापार एवं उद्योग जगत की लंबे समय से चली आ रही कई महत्वपूर्ण मांगों को ध्यान में रखते हुए किए गए प्रक्रियागत एवं अनुपालन सुधारों का छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने गर्मजोशी से स्वागत किया है।

चेम्बर अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी ने कहा कि GST व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी, पूर्वानुमेय और व्यापार-अनुकूल बनाने की दिशा में आज लिए गए निर्णय देश के करोड़ों व्यापारियों, रिटेलर्स, MSME और स्टार्टअप्स के लिए महत्वपूर्ण राहत लेकर आए हैं। GST Council ने इस बैठक में मुख्य रूप से पंजीयन, रिटर्न, रिफंड, ITC, अनुपालन और प्रवर्तन प्रक्रियाओं में सुधारों पर निर्णय लिए हैं।

श्री थौरानी ने कहा कि ₹5 करोड़ तक के टर्नओवर वाले उपभोक्ता-केंद्रित छोटे व्यवसायों के लिए वैकल्पिक सरल रिटर्न व्यवस्था, GST अनुपालन को काफी आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे छोटे व्यापारियों का समय और अनुपालन लागत दोनों कम होंगे।

उन्होंने कहा कि अभियोजन की सीमा ₹1 करोड़ से बढ़ाकर ₹5 करोड़ किए जाने तथा GST अधिकारियों की गिरफ्तारी की शक्ति को हटाने की सिफारिश व्यापारिक समुदाय की लंबे समय से चली आ रही चिंताओं को संबोधित करती है। साथ ही सामान्य दंड की राशि में कमी और कम राशि वाले मामलों में नोटिस संबंधी प्रावधानों को सरल बनाने से ईमानदारी से व्यवसाय करने वाले करदाताओं को अनावश्यक प्रक्रियागत परेशानी से राहत मिलेगी।

चेम्बर अध्यक्ष ने तेज रिफंड व्यवस्था का भी स्वागत किया। रिफंड दावों की प्रक्रिया को तेज करने और बड़ी संख्या में पात्र दावों को सिस्टम आधारित जोखिम मूल्यांकन के माध्यम से शीघ्र निपटाने से व्यापारियों एवं निर्यातकों की कार्यशील पूंजी में सुधार होगा।

उन्होंने कहा कि ई-कॉमर्स के माध्यम से कारोबार करने वाले छोटे विक्रेताओं के लिए दूसरे राज्यों में व्यापारिक उपस्थिति दर्ज कराने की प्रक्रिया को आसान बनाने का निर्णय छोटे व्यापारियों को व्यापक बाजार तक पहुंच बनाने में मदद करेगा।

श्री थौरानी ने माल परिवहन के दौरान जांच एवं वाहन निरीक्षण को अधिक लक्षित और इंटेलिजेंस आधारित बनाने के निर्णय का भी स्वागत किया। इससे अनावश्यक रोक-टोक और व्यापारिक माल की आवाजाही में होने वाले विलंब को कम करने में मदद मिलेगी तथा वास्तविक कर अनुपालन पर प्रशासन का ध्यान केंद्रित होगा।

उन्होंने कहा कि आज के निर्णयों का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष यह है कि GST व्यवस्था को केवल राजस्व संग्रह की दृष्टि से नहीं, बल्कि विश्वास, सरलता और Ease of Doing Business के दृष्टिकोण से आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है।

श्री सतीश थौरानी ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, माननीय केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी एवं GST Council के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन दूरगामी सुधारों से देश के छोटे व्यापारियों एवं उद्यमियों को सशक्त बनाने, व्यापारिक गतिविधियों को गति देने और भारत को विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper