महाराजा अग्रसेन जयंती शोभायात्रा: चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में हुआ भव्य स्वागत, व्यापारिक नैतिकता को बताया समाज की नींव

आज महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर समाज में सेवा, सद्भाव और एकता का संदेश प्रसारित करने वाली भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में चेम्बर प्रतिनिधिमंडल ने राठौर चौक, नेमीचंद गली के पास शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया। चेम्बर पदाधिकारियों ने यात्रा में शामिल अग्रवाल समाज के बंधुओं, मातृशक्ति और युवाओं पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया तथा सभी श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार का वितरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी केवल एक ऐतिहासिक पुरुष नहीं, बल्कि समाजवाद, सहअस्तित्व और व्यापारिक नैतिकता के महान प्रणेता थे। उनका संपूर्ण जीवन संपूर्ण मानव जाति को परस्पर सहयोग और भ्रातृत्व की प्रेरणा देता है। उन्होंने अपने राज्य में ‘एक ईंट और एक रुपया’ की जो अनुपम व्यवस्था दी, उसने विश्व को आर्थिक समानता और समाज कल्याण का सबसे सुंदर संदेश दिया। सतीश थौरानी ने आगे कहा कि महाराजा अग्रसेन जी का जीवन दर्शन हमें सिखाता है कि व्यापार केवल लाभ कमाने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाने और जन-सेवा का एक सशक्त जरिया है। आज चेम्बर परिवार उनके दिखाए सत्य, अहिंसा और सेवा के पथ पर चलने का संकल्प लेता है।
इस अवसर पर चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी, कार्यकारी अध्यक्ष राधा किशन सुंदरानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, कार्यकारी महामंत्री कपिल दोशी, उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन, दिलीप इसरानी, पंकज जैन, अमरदास खट्टर, सुदेश मध्यान, वासुदेव जोतवानी, महिला चेम्बर अध्यक्ष डॉ. ईला गुप्ता, महामंत्री नम्रता अग्रवाल, सदस्य अमन सिंह, प्रकाश अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, नितेश अग्रवाल सहित चेम्बर के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने सर्वसमाज की सुख, समृद्धि और निरंतर उन्नति की कामना की।
अजय भसीन
प्रदेश महामंत्री
मो. 9630163987

