शीतला मंदिर हादसे पर CM मोहन यादव सख्त, CSP पर गिरी गाज; 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड

मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण ट्रक हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। घटना में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने सीएसपी को तत्काल हटाने और तीन थाना प्रभारियों समेत आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही हादसे की विस्तृत जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जांच में जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और जनसुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
UP News: यूपी सरकार का रसोइयों को बड़ा गिफ्ट, ₹2000 से बढ़कर ₹3000 हुआ मासिक मानदेय
तीन थाना प्रभारियों समेत आठ पुलिसकर्मी निलंबित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कार्रवाई की जानकारी दी। निलंबित किए जाने वाले पुलिसकर्मियों में तीन थाना प्रभारी, एक यातायात निरीक्षक, एक प्रधान आरक्षक और तीन आरक्षक शामिल हैं। इसके अलावा संबंधित सीएसपी को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएम ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी, ताकि लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय हो सके। भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर जरूरी कदम भी उठाए जाएंगे।
मृतकों के परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता
हादसे पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री ने मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। इसके तहत मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि हादसे में घायल हुए लोगों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
पीएम मोदी ने भी जताया दुख, PMNRF से मिलेगी सहायता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ग्वालियर हादसे में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा जानकारी के मुताबिक, मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
कैसे हुआ ग्वालियर शीतला माता मंदिर हादसा?
जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच एक ट्रक अनियंत्रित होकर घुस गया। बताया जा रहा है कि ट्रक चीनोर की ओर से आ रहा था और ढलान पर खड़ा था। रात करीब एक बजे ब्रेक फेल होने के बाद ट्रक ढलान से नीचे लुढ़क गया और पलटते हुए मंदिर के गेट से टकराने के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसा।
इस भीषण हादसे में 15 लोगों की मौत की पुष्टि होने की जानकारी दी गई है, जबकि 25 से अधिक लोग घायल बताए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन की मदद से ट्रक हटाकर उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया।
CG News: डिप्टी CM विजय शर्मा ने मड़मड़ा में आंगनबाड़ी और अटल डिजिटल सेवा केंद्र का किया लोकार्पण
घायलों को उपचार के लिए जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। घायलों में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के दो जवान भी शामिल बताए गए हैं।
हादसे के बाद राज्य सरकार ने जहां पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है, वहीं पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और विस्तृत जांच के निर्देश देकर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के मामले में सख्त रुख अपनाया है।

