छत्तीसगढ़ बनेगा फिल्म शूटिंग का बड़ा केंद्र, चित्रोत्पला फिल्म सिटी को लेकर सरकार ने तेज की तैयारी

रायपुर : छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। प्रदेश में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इसमें फिल्म शूटिंग के लिए नए स्थलों की पहचान, मौजूदा फिल्म नीति में सुधार और प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
दुर्ग-बरौनी-दुर्ग के मध्य 03-03 फेरे के लिए दीपावली एवं छठ पूजा स्पेशल ट्रेन का परिचालन
फिल्म शूटिंग के लिए नए स्थलों की होगी पहचान
मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध पर्यटन स्थलों के कारण फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश के इन आकर्षक स्थलों को देश और विदेश के फिल्म निर्माताओं के सामने बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने की जरूरत है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेशभर में फिल्म शूटिंग के लिहाज से उपयुक्त नए स्थानों की पहचान की जाए और उन्हें विकसित करने के लिए तेजी से काम किया जाए।
फिल्म निर्माताओं के लिए आसान होंगी प्रक्रियाएं
बैठक में राज्य की मौजूदा फिल्म नीति को अधिक व्यावहारिक और प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही बहुप्रतीक्षित चित्रोत्पला फिल्म सिटी के प्रस्ताव और उसे धरातल पर उतारने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
सरकार का उद्देश्य फिल्म निर्माताओं और प्रोडक्शन हाउस के लिए शूटिंग की अनुमति से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और आकर्षक बनाना है, ताकि ज्यादा से ज्यादा फिल्म निर्माता छत्तीसगढ़ में शूटिंग के लिए आएं।
स्थानीय कलाकारों और युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण गतिविधियां बढ़ने से पर्यटन क्षेत्र को भी नई गति मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों, होटल उद्योग और युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
फूड प्रोसेसिंग और प्रशिक्षण पर भी चर्चा
बैठक में निफ्टेम के प्रस्तावित भ्रमण के साथ खाद्य प्रसंस्करण यानी फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में तकनीकी सुविधाओं और प्रशिक्षण के विस्तार से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
इस दौरान सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ की प्रबंध संचालक संजीता गुप्ता और वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की उप सचिव आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

