अंडर-23 कर्नल सीके नायुड्डु ट्रॉफी: मध्य प्रदेश ने छत्तीसगढ़ को 9 विकेट से हराया, रोहित राजावत ने झटके 8 विकेट

भिलाई। बीसीसीआई की ओर से आयोजित मेंस अंडर-23 कर्नल सीके नायुड्डु ट्रॉफी 2026-27 में छत्तीसगढ़ की टीम को मध्य प्रदेश के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। भिलाई के सेक्टर-10 मैदान में 3 से 6 नवंबर तक खेले गए मुकाबले में मध्य प्रदेश ने छत्तीसगढ़ को 9 विकेट से शिकस्त दी। इस मैच में मध्य प्रदेश के गेंदबाज रोहित सिंह राजावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ की दूसरी पारी में 8 विकेट हासिल किए।
महिला बंदियों के बच्चों और बालिका गृह की बच्चियों संग डॉ वर्णिका शर्मा ने बांटी दीपावली की खुशियां
पहली पारी में 104 रन पर सिमटी छत्तीसगढ़ की टीम
मुकाबले के चौथे दिन मध्य प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम 43.2 ओवर में 104 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से रुद्र प्रताप देहारी ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, जबकि शोभित शर्मा ने 21 और अम्बरीश सिंह ने 14 रन का योगदान दिया।
मध्य प्रदेश की ओर से रोहित सिंह राजावत ने 5 विकेट झटके। वहीं सौमी पांडेय ने 3 और ईशान चौधरी ने 2 विकेट हासिल किए।
मध्य प्रदेश ने पहली पारी में बनाई 80 रन की बढ़त
पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी मध्य प्रदेश की टीम ने 63 ओवर में 184 रन बनाए। टीम की ओर से कार्तिक परिहार ने 40 रन, सोहम पटवर्धन ने 30 रन और अवनेश चावला ने 27 रन की पारी खेली।
छत्तीसगढ़ की ओर से रुद्र प्रताप देहारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए। इसके अलावा मनराज ढिल्लन, अनुराग साहू और धनंजय नायक ने 2-2 विकेट लिए। इस तरह मध्य प्रदेश को पहली पारी के आधार पर 80 रन की बढ़त मिली।
दूसरी पारी में भी नहीं संभली छत्तीसगढ़ की बल्लेबाजी
दूसरी पारी में छत्तीसगढ़ की टीम 32.1 ओवर में महज 106 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। रुद्र प्रताप देहारी ने सर्वाधिक 40 रन बनाए, जबकि आशीष कुमार डहरिया ने 21 रन का योगदान दिया।
मध्य प्रदेश के रोहित सिंह राजावत ने एक बार फिर घातक गेंदबाजी करते हुए 8 विकेट अपने नाम किए। इस तरह छत्तीसगढ़ की टीम मध्य प्रदेश के सामने जीत के लिए केवल 27 रन का लक्ष्य रख सकी।
9 विकेट से मध्य प्रदेश ने दर्ज की जीत
27 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी मध्य प्रदेश की टीम ने महज 3 ओवर में 1 विकेट खोकर 30 रन बना लिए। इस तरह मध्य प्रदेश ने मुकाबला 9 विकेट से अपने नाम कर लिया। मैच में रोहित सिंह राजावत की शानदार गेंदबाजी मध्य प्रदेश की जीत की सबसे बड़ी वजह रही।

