बागेश्वर धाम में शहीदों के नाम जले 11 हजार दीप, देशी घी के दीयों से जगमगाया धाम

छतरपुर। बागेश्वर धाम में इस बार दीपावली का पर्व भक्ति और राष्ट्रप्रेम के संदेश के साथ मनाया गया। हर साल की तरह इस बार भी धाम में दीपोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बागेश्वर बालाजी मंदिर, यज्ञशाला और पूरे धाम परिसर में देशी घी के 11 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। इन दीपों को देश के वीर शहीदों और सीमा पर तैनात सैनिकों के सम्मान में समर्पित किया गया।
बालाजी सरकार की पूजा-अर्चना और आरती के बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिस तरह भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने पर दीप जलाकर उनका स्वागत किया गया था, उसी तरह हर सनातनी को अपने घर में दीप प्रज्वलित करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से एक दीपक देश के शहीदों के नाम जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सैनिक अपने परिवार से दूर रहकर देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, ताकि देशवासी सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।
दीपोत्सव में जम्मू, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे। जम्मू से आए सुखबिंदर सिंह ने कहा कि घर से दूर बागेश्वर धाम में गुरुजी के साथ शहीदों और सैनिकों के सम्मान में दीप जलाना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
वहीं, पहली बार धाम में दीपावली मनाने पहुंचीं गुजरात की कोमल और आयुषी ने ओम, सात्विक और सीताराम की आकृतियों वाली रंगोली सजाई और दीप प्रज्वलित किए। उत्तराखंड से आए केवी पाल ने बताया कि पहले वे परिवार के साथ घर पर दीपावली मनाते थे, लेकिन यहां हजारों श्रद्धालुओं के बीच त्योहार मनाने का अनुभव अलग है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परिवार संग मनाई दीपावली, दीप जलाकर और आतिशबाजी कर बांटी खुशियां
इस तरह बागेश्वर धाम का दीपोत्सव केवल दीपों की रोशनी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भगवान श्रीराम के प्रति आस्था, वीर शहीदों के सम्मान और देश की रक्षा में जुटे जवानों के प्रति कृतज्ञता का संदेश भी दे गया।

