स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ का डंका, बिल्हा देश में अव्वल; बिलासपुर और रायपुर को भी मिला राष्ट्रीय सम्मान

रायपुर। स्वच्छता और नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इनमें नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, बिलासपुर को ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है, जबकि रायपुर नगर निगम ने राज्य स्तर पर स्वच्छता में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया है।
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और संबंधित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।
वाणिज्यिक कर विभाग में बड़ा फेरबदल, बड़ी संख्या में अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में मिला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के शहरों में हो रहे सकारात्मक बदलाव और स्वच्छता के प्रति नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बिल्हा का देश में पहला स्थान हासिल करना, बिलासपुर का नदी तटवर्ती शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त करना और रायपुर का राज्य में अव्वल रहना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल स्वच्छता रैंकिंग में आगे रहना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था तैयार करना है, जिससे स्वच्छता हर नागरिक की आदत और प्रत्येक शहर की पहचान बने। जनभागीदारी, आधुनिक नगरीय सुविधाओं और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से स्वच्छ एवं विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। इसमें नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों और आम नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बिल्हा का कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना विशेष उपलब्धि है। इससे साबित होता है कि सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर प्रबंधन, नागरिकों की भागीदारी और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता के जरिए छोटे शहर भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत शहरों में साफ-सफाई, नागरिक सहभागिता और नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाता है। छत्तीसगढ़ के तीन निकायों को मिला यह सम्मान प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था और नगरीय सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की उपलब्धि माना जा रहा है।
समारोह में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी, नगर पंचायत बिल्हा की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे, SUDA के मिशन डायरेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

