छत्तीसगढ़

अब गवाहों को धमकाना पड़ेगा भारी! छत्तीसगढ़ में साक्षी संरक्षण योजना लागू, 7 दिन में मिलेगी अंतरिम सुरक्षा

अब खबर सुनें पढ़ने की बजाय सुनें पूरी खबर

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने आपराधिक मामलों में गवाही देने वाले लोगों और उनके परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए साक्षी संरक्षण योजना 2026 लागू कर दी है। गृह विभाग के आदेश के अनुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 398 के तहत तैयार यह योजना पूरे प्रदेश में प्रभावी हो गई है। इसके तहत खतरे का सामना कर रहे गवाहों को पुलिस सुरक्षा, आर्थिक सहायता और सुरक्षित स्थान पर ठहराने की सुविधा मिलेगी। गंभीर परिस्थितियों में उनकी पहचान बदलने और राज्य के भीतर या दूसरे राज्य में स्थानांतरित करने का भी प्रावधान किया गया है।

श्रृंगेरी शंकर मठ के प्राण-प्रतिष्ठा और कुंभाभिषेक महोत्सव में शामिल हुए सीएम मोहन यादव

गंभीर खतरे पर बदली जा सकेगी गवाह की पहचान

नई योजना के तहत गवाहों और उनके परिवार के सदस्यों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। गंभीर खतरे की स्थिति में गवाह को नया नाम और उससे जुड़े वैध सरकारी दस्तावेज भी उपलब्ध कराए जा सकेंगे। हालांकि, पहचान बदलने की प्रक्रिया में उनके शिक्षा, नौकरी, पेंशन, उत्तराधिकार और संपत्ति से जुड़े अधिकार प्रभावित नहीं होंगे।

खतरे के स्तर के आधार पर गवाहों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। श्रेणी ए में जीवन को विश्वसनीय खतरा, श्रेणी बी में शारीरिक सुरक्षा, प्रतिष्ठा, स्वतंत्रता या संपत्ति को खतरा और श्रेणी सी में उत्पीड़न, धमकी तथा सामाजिक दबाव से जुड़े मामले शामिल हैं। पहचान बदलने की सुविधा केवल श्रेणी ए और बी के मामलों में असाधारण परिस्थितियों में दी जाएगी। इसके लिए पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट और राज्य साक्षी संरक्षण प्राधिकरण की मंजूरी जरूरी होगी।

सोशल मीडिया पर धमकी देने वालों पर भी नजर

योजना में केवल शारीरिक हमलों को ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों से मिलने वाली धमकियों, उत्पीड़न तथा सामाजिक दबाव को भी सुरक्षा के दायरे में रखा गया है। गवाह का नाम, पता, फोटो, वीडियो, आवाज का नमूना, डिजिटल पहचान और लोकेशन जैसी जानकारियां गोपनीय रखी जाएंगी।

जरूरत पड़ने पर गवाह का फोन नंबर बदलने, घर में सुरक्षा उपकरण लगाने, पुलिस गश्त बढ़ाने और अदालत आने-जाने के दौरान सुरक्षा उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी। सुरक्षा संबंधी आदेश एक बार में अधिकतम तीन महीने के लिए जारी किए जाएंगे। अवधि बढ़ाने के लिए समीक्षा और संबंधित प्राधिकरण की मंजूरी जरूरी होगी। इसके अलावा प्रत्येक जिले में पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में साक्षी संरक्षण सेल बनाया जाएगा।

सीएम योगी की मां की अस्थियां सरयू में विसर्जित, हरिद्वार से अयोध्या लेकर पहुंचे भाजपा नेता

10 कार्यदिवस में पूरी करनी होगी आवेदन की प्रक्रिया

सुरक्षा के लिए आवेदन मिलने पर सक्षम प्राधिकारी संबंधित पुलिस विभाग से खतरे का आकलन करने वाली रिपोर्ट मांगेगा। पुलिस अधिकारी को यह रिपोर्ट पांच कार्यदिवस के भीतर भेजनी होगी। रिपोर्ट मिलने के बाद सक्षम प्राधिकारी अगले पांच कार्यदिवस में आवेदन पर निर्णय लेगा।

यदि किसी गवाह को तत्काल और गंभीर खतरा है तो पुलिस अधीक्षक अधिकतम सात दिनों के लिए अंतरिम सुरक्षा प्रदान कर सकेंगे। योजना के तहत आवेदन पर सुनवाई बंद कमरे में होगी और इससे जुड़े सभी दस्तावेज एवं अभिलेख गोपनीय रखे जाएंगे।

योजना का उद्देश्य: आपराधिक मामलों में बिना डर के गवाही देने का माहौल तैयार करना और गवाहों को धमकी, दबाव या हमले से बचाने के लिए सुरक्षा की मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper