भारतीय छात्र के AI आइडिया से प्रभावित हुए पुतिन, मॉस्को समिट में जमकर की तारीफ

नई दिल्ली। रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित AI Journey 2026 समिट में भारतीय छात्र राउल जॉन अजू ने अपनी प्रतिभा से सबका ध्यान खींचा। उनकी प्रस्तुति से रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी प्रभावित हुए। समिट में राउल ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) किस तरह हर बच्चे की सीखने की क्षमता और जरूरत के अनुसार पढ़ाई को आसान बना सकता है। इस दौरान कजाखस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्त तोकायेव भी मौजूद थे।
राउल के विचार सुनने के बाद राष्ट्रपति पुतिन ने उनकी पहल की सराहना की। उन्होंने राउल के काम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस आह्वान से जोड़ा, जिसमें युवाओं को अपनी समस्याओं के समाधान खोजने और नई तकनीकों का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। पुतिन ने कहा कि ऐसी पहल युवाओं को अपने समाधान विकसित करने में मदद करती हैं।
40 बच्चों की क्लास में AI कैसे बनेगा मददगार?
समिट में अपनी बात रखते हुए राउल जॉन अजू ने बताया कि उन्होंने गेम के माध्यम से AI सीखना शुरू किया था। उन्होंने समझाया कि हर बच्चे के सीखने का तरीका अलग होता है। किसी विद्यार्थी को गणित तस्वीरों के माध्यम से आसानी से समझ आता है, तो किसी को वीडियो या गेम के जरिए बेहतर समझ विकसित होती है।
राउल ने सवाल उठाया कि 40 बच्चों की एक कक्षा में शिक्षक प्रत्येक विद्यार्थी की अलग-अलग सीखने की जरूरत के अनुसार पढ़ाई कैसे करा सकता है? उन्होंने कहा कि इस चुनौती को दूर करने में AI मददगार साबित हो सकता है। AI ट्यूटर के माध्यम से गांव में रहने वाला बच्चा भी अपनी भाषा में किसी भी विषय को समझ सकता है।
अब तक 5 लाख लोगों को AI की दे चुके हैं जानकारी
भारतीय छात्र ने बताया कि वह अब तक करीब 5 लाख लोगों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बारे में सिखा चुके हैं। उन्होंने एक ऐसे ऐप के निर्माण की जानकारी भी दी, जो विद्यार्थियों की जरूरत और सीखने के तरीके के अनुसार उन्हें AI के माध्यम से पढ़ाई में मदद करता है।
राउल ने कहा कि बच्चों के भीतर जिज्ञासा पैदा करना और उन्हें अपने विचारों को विकसित करना सिखाना बेहद जरूरी है। इसमें शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है। AI शिक्षकों का विकल्प बनने के बजाय उनकी मदद करने वाला माध्यम बन सकता है।
पुतिन ने पूछा- AI पर निर्भरता से युवाओं की सोच पर क्या असर पड़ेगा?
राउल की प्रस्तुति के बाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उनसे सवाल किया कि यदि युवा सोचने, लिखने और समस्याओं को हल करने जैसे काम भी AI पर छोड़ देंगे, तो उनकी अपनी समझ और सोचने की क्षमता पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा?
इस पर राउल ने कैलकुलेटर का उदाहरण देते हुए जवाब दिया कि विद्यार्थियों को सबसे पहले किसी भी विषय की बुनियादी समझ विकसित करनी चाहिए। जब उन्हें मूल बातें समझ आ जाएं, तब वे AI की मदद से अपनी जानकारी और काम को आगे बढ़ा सकते हैं। इस तरह AI का इस्तेमाल सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने के लिए किया जा सकता है।

