छत्तीसगढ़

कौन है चीक समुदाय? CM विष्णुदेव साय ने जशपुर में कीं 2 बड़ी घोषणाएं, जानें इनका गौरवशाली इतिहास

अब खबर सुनें पढ़ने की बजाय सुनें पूरी खबर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले में चीक समुदाय के सामाजिक और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए 80 लाख रुपये देने की घोषणा की है। कुनकुरी विकासखंड के ग्राम जोकरी में आयोजित प्रांतीय चीक-चिक जाति उत्थान समिति के सामाजिक सम्मेलन एवं सांस्कृतिक महोत्सव में मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत बनकोम्बो में चीक समाज के सामाजिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और ग्राम जोकरी में महतारी सदन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये देने का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में पहुंचे समाज के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को समृद्ध बनाने में चीक समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वस्त्र निर्माण की पारंपरिक कला इस समुदाय की विशिष्ट पहचान है। पीढ़ियों से समाज के लोगों ने अपने हुनर और मेहनत के दम पर इस परंपरा को जीवित रखा है। उन्होंने कहा कि इस विरासत को सहेजने के साथ नई पीढ़ी को आधुनिक शिक्षा और कौशल विकास से जोड़ना भी जरूरी है।

छत्तीसगढ़ में दिसंबर में हो सकते हैं नगरीय निकाय चुनाव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दिए संकेत

कौन है चीक समुदाय, जानिए इतिहास और पहचान

झारखंड के जनजातीय कल्याण अनुसंधान संस्थान के अनुसार, प्राकृत भाषा में ‘चीक’ शब्द का अर्थ कपड़ा होता है। इस समुदाय का ऐतिहासिक संबंध छोटानागपुर पठार से माना जाता है। ऐतिहासिक विवरणों में नागवंशी राजाओं के शासनकाल में समुदाय के लोगों के सैनिक और राजमहल के रक्षक के रूप में काम करने का भी उल्लेख मिलता है। हालांकि, समाज की उत्पत्ति को लेकर अलग-अलग मान्यताएं प्रचलित हैं।

चीक समुदाय की पारंपरिक पहचान हथकरघा और वस्त्र निर्माण से जुड़ी रही है। समाज के लोग पहले सूत कातने के साथ धोती, साड़ी और गमछा जैसे वस्त्र तैयार करते थे। इसके अलावा कृषि और कृषि मजदूरी भी आजीविका का प्रमुख साधन रही है। आधुनिक मशीनों से तैयार कपड़ों का चलन बढ़ने के कारण पारंपरिक बुनाई के कारोबार को आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा है।

अलग-अलग राज्यों में आरक्षण की स्थिति

चीक समुदाय का जातिगत वर्गीकरण अलग-अलग राज्यों में अलग है। उपलब्ध संस्थागत विवरण के अनुसार, छत्तीसगढ़ में चिकवा समुदाय को अनुसूचित जाति (SC), जबकि झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में चीक बड़ाईक समुदाय को अनुसूचित जनजाति (ST) की श्रेणी में रखा गया है। वहीं, ओडिशा में बड़ाईक समुदाय अनुसूचित जाति (SC) की सूची में शामिल है। हालांकि, जाति प्रमाणपत्र और आरक्षण का लाभ संबंधित राज्य की आधिकारिक अधिसूचित सूची के आधार पर ही निर्धारित होता है।

त्योहार और सांस्कृतिक परंपराएं हैं खास पहचान

चीक समुदाय की सांस्कृतिक विरासत में प्रकृति, कृषि और सामाजिक एकजुटता से जुड़े कई त्योहारों का विशेष महत्व है। इनमें करमा, सरहुल, सोहराई, नवाखानी और जितिया प्रमुख हैं। इसके अलावा झुमैर, डोमकच और फगुआ जैसे पारंपरिक लोकनृत्य भी समाज की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा हैं। समुदाय के लोग मुख्य रूप से नागपुरी, सादरी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं का इस्तेमाल करते हैं।

महिला सशक्तीकरण और किसानों के लिए सरकार की योजनाओं का जिक्र

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी दी। महिला सशक्तीकरण पर बात करते हुए उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब तक 33 किस्तों में 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जा चुकी है। इसके माध्यम से पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा के अनुरूप अंतर की राशि का लाभ देने के निर्णय की जानकारी दी।

रामलला के दरबार पहुंचे रकुल प्रीत सिंह और जैकी भगनानी, अयोध्या में किए दर्शन-पूजन

हेल्पलाइन और तीर्थ दर्शन योजनाओं की भी दी जानकारी

मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से आठ हजार से अधिक अधिकारियों को जोड़ा गया है, ताकि आम नागरिकों की शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण किया जा सके।

धार्मिक पर्यटन से जुड़ी योजनाओं पर उन्होंने बताया कि रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक छत्तीसगढ़ के 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। वहीं, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से 10 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर मिला है।

मुख्यमंत्री ने चीक समाज के प्रतिनिधियों से शिक्षा, कौशल विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की एकता और सामूहिक प्रयासों से विकास के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं। प्रदेश के प्रत्येक समाज को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper