उत्तरप्रदेश
Trending

मंदिरों से साईं की ​मूर्तियां हटवाने वाले अजय शर्मा गिरफ्तार

वाराणसी । धर्म नगरी काशी के मंदिरों से साईं की मूर्तियों को हटवाने वाले सनातन रक्षक दल के प्रदेश अध्यक्ष अजय शर्मा को पुलिस ने बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। अजय शर्मा की गिरफ्तारी से दल के कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है। अजय शर्मा देर शाम घर से मंदिरों में स्थापित साईं की मूर्तियों को हटवाने के लिए निकले थे। लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही हिरासत में ले लिया।

पुलिस अफसरों के अनुसार अजय शर्मा को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस गिरफ्तार अजय शर्मा को चितईपुर थाने ले गई। हनुमान जी आनंदमई मंदिर चौक के पुजारी चैतन्य व्यास ने अजय शर्मा के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में चौक थाने में मामला पंजीकृत किया है। अजय शर्मा को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

उधर, अजय शर्मा के परिजनों ने आरोप लगाया कि कुछ युवक नीली कार में सवार होकर मैदागिन चौराहे से रात 2 बजे जबरन उठा ले गए थे। इस दौरान अजय शर्मा के दोनों मोबाइल फोन भी बंद थे, जिससे परिवार को उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता हो गई थी।

उल्लेखनीय है कि सनातन रक्षक दल के कार्यकर्ताओं ने एक अक्टूबर तक वाराणसी शहर के 14 मंदिरों से साईं बाबा की मूर्तियों को हटाया था। इसको लेकर साईं के भक्तों ने नाराजगी जताई और लामबंद होकर श्री साईं सेवक बनारस दल का गठन कर लिया। सदस्यों ने आरोप लगाया कि सनातन रक्षक दल के कार्यकर्ता बनारस का माहौल खराब कर रहे हैं।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper