उत्तराखण्ड
Trending

उत्तराखंड के सरकारी सिस्टम पर साइबर हमला, 186 वेबसाइट्स हैक

देहरादून । उत्तराखंड में एक बड़े साइबर हमले ने राज्य के सरकारी सिस्टम को हिलाकर रख दिया। साइबर हमले के चलते प्रदेश का पूरा आईटी सिस्टम 72 घंटे ठप रहा। इससे सरकारी कामकाज पर असर पड़ा। राज्य की कई महत्वपूर्ण वेबसाइटें और सेवाएं पूरी तरह से बंद हो गईं। इनमें सीएम हेल्पलाइन, भूमि रजिस्ट्री और ई-ऑफिस जैसे महत्वपूर्ण प्लेटफार्म शामिल हैं। सचिवालय समेत अन्य विभागाें में भी कामकाज नहीं हो पाया। आईटीडीए के अनुसार इससे काेई नुकसान नहीं हुआ है। फिलहाल राज्य का डाटा सेंटर बंद हैं और वेबसाइटों की स्कैंनिंग की जाएगी।

जानकाराें के अनुसार साइबर हमला इतना खतरनाक था कि सिक्योर इंटरनेट सर्विस यूके स्वान के अलावा सबसे अहम स्टेट डाटा सेंटर भी इसकी जद में आ गया। देखते ही देखते एक के बाद एक सरकारी वेबसाइटें बंद होती चलीं गईं। इसका असर सभी 186 वेबसाइटों पर देखने को मिला है, जिनका कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। अभी कुछ वेबसाइट को सुचारु किया गया है। बाकी अन्य को लेकर आईटी विभाग अभी भी सिक्योर सिस्टम के तहत काम कर रहा है।

सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (आईटीडीए) में विशेषज्ञों की टीम साइबर हमले से बाहर निकलने का हर संभव प्रयास कर रही है। आईटीडीए निदेशक नितिका खंडेलवाल ने कहा कि केंद्र सरकार की गाइडलाइन और सिक्योरिटी को देखते हुए इस पर और कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सब कुछ रिकवर किया जा चुका है। कहीं से भी किसी भी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पूरे सिक्योरिटी सिस्टम को चेक करने के बाद ही सभी वेबसाइटों को पूरी तरह से सुचारु किया जाएगा। डेटा सेंटर बंद कर दिया गया है। सभी 186 वेबसाइटाें काे एक-एक कर स्कैन किया जाएगा। इसके उपरांत ही वेबसाइट्स खाेले जाएंगे।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper