उत्तरप्रदेश
Trending

भाजपा प्रवक्ता मनीष शुक्ल ने अखिलेश यादव पर किया पलटवार

लखनऊ  । उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक चयन नियमावली में बदलाव राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के ट्वीट के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता मनीष शुक्ल ने पलटवार किया है।


भाजपा प्रवक्ता श्री शुक्ल ने सपा अध्यक्ष की पोस्ट पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अखिलेश यादव मुख्यमंत्री रहते, तब चीफ सेक्रेटरी समेत तमाम बड़े अधिकारियों को केवल इसलिए बदल देते थे कि वो अधिकारी चाचा शिवपाल का करीबी हो गया है। फिर उसी चीफ सेक्रेटरी को भरे मंच से कहते थे जाओ मुलायम सिंह यादव के पैर पकड़ लो तो तुम्हें माफ कर देंगे।

भाजपा प्रवक्ता ने नसीहत भरे लहजे में कहा कि अखिलेश यादव ट्वीट करने से पहले अपनी सरकार के कार्यकाल में हुए काले अध्याय के पन्नों को पलट लिया कीजिये। आपके राज में नौकरशाही का क्या हाल था, मंत्रिमंडल भ्रष्टाचार में डूबा हुआ था। ऐसे में आप 2027 की चिंता करना छोड़ दीजिए। उत्तर प्रदेश की जनता 2027 में 2017 दोहराएगी और समाजवादी पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग के मुखिया पुलिस महानिदेशक के चयन नियमावली में संशोधन किए जाने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा था। अखिलेश के इस ट्वीट के बाद भाजपा प्रवक्ता मनीष शुक्ल ने प्रतिक्रिया दी है।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper