विशेष
Trending

12 वर्षीय सुशीला की गेंदबाजी करते वीडियो ने मचाई धूम, तेंदुलकर और जहीर हुए मुरीद

प्रतापगढ़। राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के धरियावद तहसील के छोटे से गांव रामेर तालाब की रहने वाली पांचवीं कक्षा की छात्रा सुशीला मीणा इन दिनों सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। सुशीला, जो बाएं हाथ से तेज गेंदबाजी करती हैं, उनका गेंदबाजी वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया है। उनके गेंदबाजी एक्शन को भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान के स्टाइल से तुलना की जा रही है। सचिन तेंदुलकर और जहीर खान सुशीला की बाॅलिंग के मुरीद हाे गए हैं।

सचिन तेंदुलकर ने की तारीफ-

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने अपने एक्स अकाउंट पर सुशीला के वीडियो को पोस्ट किया। सचिन ने जहीर खान को टैग करते हुए लिखा, “यह स्मूथ और एफर्टलेस गेंदबाजी एक्शन आपका प्रतिबिंब लगता है।” इस पर जहीर खान ने भी सहमति जताते हुए लिखा, “नन्ही सुशीला का बॉलिंग एक्शन वाकई में स्मूद और प्रभावशाली है। वह पहले से ही शानदार प्रतिभा दिखा रही हैं।”

गरीब परिवार से निकली है यह प्रतिभा-

सुशीला मीणा एक गरीब परिवार से आती हैं। उनके पिता रतनलाल मीणा और माता शांति बाई खेती-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके गांव में करीब 250 मकान हैं, जिनमें 1980 में गुजरात के कड़ना बांध विस्थापित लोगों को बसाया गया था। क्रिकेट के प्रति गहरी रुचि रखने वाली सुशीला बिना किसी पेशेवर प्रशिक्षण के इस मुकाम पर पहुंची हैं।

आदित्य बिरला ग्रुप ने दिया साथ

सुशीला की प्रतिभा को देख कर आदित्य बिरला ग्रुप ने अपने #FoursForGood पहल के तहत उन्हें क्रिकेट प्रशिक्षण देने का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने लिखा, “सुशीला की प्रतिभा नकारा नहीं जा सकती। हमें उनकी यात्रा में समर्थन देने में खुशी होगी।”

स्थानीय नेताओं की प्रतिक्रियाएं

बांसवाड़ा-डूंगरपुर के सांसद राजकुमार रोत ने सुशीला की तारीफ करते हुए कहा कि सोशल मीडिया के कारण आज इस प्रतिभा को पहचान मिली है। वहीं, राजस्थान के संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और समाज कल्याण मंत्री अविनाश गहलोत ने सुशीला की सफलता की कामना की।

उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी का आश्वासन

इधर, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने सुशीला से वीडियो कॉल पर बात की और उन्हें जयपुर आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने वादा किया कि जिस स्कूल में सुशीला प्रैक्टिस करती हैं, वहां आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper