देश-विदेश
Trending

आतिशी को गिरफ्तार करने की तैयारीः अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली । आम आदमी पार्टी (आआपा) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आआपा दिल्ली चुनाव जीत रही है। भाजपा हमें रोकने की साजिश रच रही है लेकिन वह कभी कामयाब नहीं होंगी। केजरीवाल ने आरोप लगाते हुए कहा, “ईडी और सीबीआई की मीटिंग हुई है। इन्होंने कहा है कि कुछ भी कर के आतिशी को गिरफ्तार किया जाए। सब पर छापेमारी करवाई जाएगी। इसका मकसद चुनाव प्रचार को रोकना है। आतिशी के खिलाफ ट्रांसपोर्ट विभाग में कोई फर्जी केस तैयार किया जा रहा है।”

केजरीवाल ने उम्मीदवारों से अपील करते हुए कहा कि आप अपने काम पर वोट मांगिए, केवल जेल में डालने और गाली देने से जनता वोट नहीं देती है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने दिल्लीवालों का कोई भी काम रुकने नहीं दिया है। ऐसे-ऐसे काम दिल्ली के अंदर किए गए हैं, जो इस देश ने पिछले 75 सालों में देखे नहीं गए। सभी काम करवाए गए। भाजपा के जब सारे षड्यंत्र फेल हो गए, तो उन्होंने आआपा के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों को जेल भेजने का काम शुरू किया।

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा को दिखने लगा है कि दिल्ली में उनकी ऐतिहासिक हार होने वाली है। उनके साथ एलजी और सांसद थे। दिल्ली में उन्होंने क्या काम किया, वो बता नहीं पा रहे हैं। उनके पास कोई मुख्यंत्री का चेहरा नहीं है। सिर्फ अरविंद केजरीवाल को गालियां दे रहे हैं। हमारी सरकार ने बिजली फ्री की, पानी दिया, महिला बस यात्रा मुफ्त की। आने वाले समय में 2100 रुपये महिलाओं को देंगे। हम काम पर वोट मांग रहे हैं, वो गलियों पर वोट मांग रहे हैं।

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा, “हमें संविधान पर विश्वास है। भाजपा झूठे केस कर के रोकना चाहती है। स्कूल में शिक्षा को लेकर केस करके शिक्षा में बाधा डालती है। जनता सब देख रही है। दिल्ली की जनता भाजपा को जवाब जरूर देगी।”

उन्होंने कहा कि अखबारों में जारी नोटिस गलत हैं। यह गलत सूचना अखबार में छपवाई गई है। जिन अफसरों ने यह गलत सूचना छपवाई है, उनके खिलाफ पुलिस एक्शन भी लिया जाएगा। स्कीम पब्लिक डोमेन में है और इसका नोटिफिकेशन भी है। सरकार बनने के बाद संजीवनी योजना लाई जाएगी। सरकार बनने के बाद 1000 की जगह 2100 रुपये दिए जाएंगे।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper