मध्यप्रदेश
Trending

महाकाल मंदिर के विस्तार के लिए 257 मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू

उज्जैन । मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन में विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के मंदिर के विस्तार के लिए शनिवार को निजामुद्दीन कॉलोनी के 257 मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की टीम मकानों को हटाने का काम में जुटी है। जेसीबी के माध्यम से दोपहर तक 50 मकान और धर्मस्थल तोड़े जा चुके हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।

दरअसल, उज्जैन में महाकाल लोक के विस्तार के लिए करीब सवा दो हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया गया है। इसके लिए निजामुद्दीन कॉलोनी के 257 मकानों को हटाया जाना है। यहां रहने वालों को 32 करोड़ रुपये का मुआवजा भी दिया गया है। इस दौरान 66 करोड़ रुपए का मुआवजा देने की योजना है। इसके लिए प्रशासन ने मकान मालिकों को पहले ही नोटिस दे दिए थे। शुक्रवार रात मुनादी करवाई और लोगों को मकान खाली करने का अल्टीमेटम दिया था। शनिवार सुबह प्रशासन ने मकानों से सामान हटवाकर उन्हें पूरी तरह खाली करवा लिया। इस दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। खबर लिखे जाने तक सभी 257 मकानों को खाली करा लिया गया है और इन पर बुलडोजर चलाकर करीब 50 मकानों को गिराया जा रहा है। इनमें एक मस्जिद भी शामिल है।

एडीएम अनुकूल जैन ने बताया कि कार्रवाई कानूनी दायरे में रहकर की गई है। सभी आदेश पहले ही जारी हो चुके थे। जिन मकानों पर कोर्ट का स्टे था, उन्हें छोड़ दिया गया, बाकी को हटाया जा रहा है। इस जमीन पर भविष्य में पार्किंग और अन्य निर्माण कार्य किए जाएंगे। एडीएम के मुताबिक कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने लोगों से बातचीत की, जिससे अब तक किसी तरह विवाद के हालात नहीं बने। लोग स्वेच्छा से अपने मकान खाली कर रहे हैं।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper