
रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने नगरीय निकाय चुनावों में हुए स्वस्फूर्त भारी मतदान को भारतीय जनता पार्टी की जीत का ऐलान बताया है। श्री कश्यप ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की वादाखिलाफी के साथ साथ अन्याय, अत्याचार, भ्रष्टाचार, छलावा से बेहद रुष्ट है और जनता ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपने आक्रोश को अपने मताधिकार के जरिए व्यक्त किया है। अब यह ‘आईने की तरह’ साफ हो गया है कि परिवर्तन की आंधी में कांग्रेस का छत्तीसगढ़ में सूपड़ा साफ होने जा रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रदेश के वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि मतदान के प्रति जनता, खासकर महिलाओं और युवाओं, के उत्साह को स्थानीय निकायों से कांग्रेस के भ्रष्टाचार, लूट-खसोट, कमीशनखोरी और कुशासन की बिदाई का फरमान बताया और कहा कि यह कांग्रेस के महापौरों, अध्यक्षों और जनप्रतिनिधियों के प्रति जनाक्रोश की अभिव्यक्ति का प्रमाण पत्र है। मतदान में महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी भाजपा की जीत की गारंटी है और भाजपा महिलाओं के सम्मान और सुरक्षित विकास के अवसर के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। श्री कश्यप ने कहा कि नगरीय निकायों में कांग्रेसी कुशासन का संचित जन-आक्रोश इस मतदान में व्यक्त हुआ है और यह भाजपा के प्रति बढ़े जन विश्वास का स्पष्ट प्रमाण है। अब छत्तीसगढ़ में भाजपा प्रचंड बहुमत से जीत अर्जित करके श्रद्धेय अटलजी के स्वप्नों को धरातल पर साकार कर छत्तीसगढ़ को सँवारने के लिए संकल्पित है।

