RADA
अपराध
Trending

CG Crime News : महाराष्ट्र के लुटेरों ने रायपुर में की थी लूट, पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार

जतिन नचरानी 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर। रायपुर पुलिस ने एक सनसनीखेज ज्वेलरी चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए महाराष्ट्र के चार अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी शक्ति नगर, राजीव नगर गेट के पास मेन रोड, खम्हारडीह में स्थित रौनक ज्वेलर्स से तीन सोने की चैन छीनकर फरार हो गए थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जय पाटिल उर्फ बॉबी (26), राहुल सुखचंद लिल्हारे (23), राहुल डोंगरे उर्फ विक्की (36) और राजेश गोपीचंद पाटिल (55) के रूप में हुई है, जो नागपुर और गोंदिया, महाराष्ट्र के निवासी हैं।
घटना 29 मई 2025 को दोपहर 4:10 बजे की है, जब रौनक ज्वेलर्स के संचालक पन्ना जैन अपनी दुकान पर थे। तीन अज्ञात व्यक्ति दो एक्टिवा वाहनों पर सवार होकर दुकान पर आए। एक व्यक्ति ने दुकान में प्रवेश कर भारी वजन वाली सोने की चैन दिखाने की मांग की। जैन ने उसे चैन दिखाई, लेकिन उसने और भारी चैन की मांग की। जब जैन ने तीन चैन दिखाई, तो वह व्यक्ति कीमत पूछने के बहाने अचानक तीनों चैन लेकर भाग गया। बाहर खड़े उसके दो साथियों के साथ वह एक एक्टिवा पर फरार हो गया, जबकि दूसरी एक्टिवा (क्रमांक CG/07/BJ/5567) मौके पर छोड़ दी। जैन की शिकायत पर थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 118/25, धारा 304(2), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले, क्राइम संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक क्राइम संजय सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी, प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय और थाना प्रभारी मनोज कुमार साहू को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) और खम्हारडीह थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल जांच शुरू की।
टीम ने घटनास्थल के आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 70 किलोमीटर तक आरोपियों के भागने के मार्ग का पीछा किया। साइबर विंग ने लाखों मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण कर आरोपियों को महाराष्ट्र में लोकेट किया। इसके बाद पुलिस टीम ने नागपुर और गोंदिया में डेरा डालकर आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने घटना को अंजाम देने के लिए भिलाई और रायपुर के टाटीबंध से दो एक्टिवा वाहन चोरी किए थे।
आरोपियों ने तीन चैन आपस में बांट ली थीं। राहुल डोंगरे ने अपनी चैन ईरा गोल्ड कंपनी को 64,900 रुपये में बेच दी, जबकि जय पाटिल और उसके पिता राजेश ने एक चैन 1,23,000 रुपये में बेची। पुलिस ने एक चैन, दो एक्टिवा वाहन और चार मोबाइल फोन, कुल 3,50,000 रुपये की संपत्ति जब्त की। राजेश के बैंक खाते में चैन की बिक्री राशि को होल्ड कराया गया है।
जय पाटिल और राहुल लिल्हारे पहले भी जेल जा चुके हैं। जय के खिलाफ गोंदिया में बलवा, मारपीट और संपत्ति जलाने के तीन मामले दर्ज हैं, जबकि राहुल लिल्हारे के खिलाफ नकबजनी का मामला दर्ज है। पुलिस अब ईरा गोल्ड कंपनी को नोटिस देकर आगे की कार्रवाई कर रही है। इस ऑपरेशन में एसीसीयू और खम्हारडीह थाना पुलिस की भूमिका सराहनीय रही।

Join Us
Back to top button
12 हजार से भी कम, 8GB रैम और 5G सपोर्ट के साथ 25,000 में ट्रेन से 7 ज्योतिर्लिंग यात्रा, जानें पूरा पैकेज और किराया IRCTC Bharat Gaurav चलेगी 10 पैसे प्रति किलोमीटर e-Luna Prime,सस्ती इलेक्ट्रिक बाइक iPhone से Pixel तक स्मार्टफोन पर बेस्ट डील्स, आज आखिरी मौका