
नई दिल्ली। भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज के दूसरे मैच के बाद आईसीसी की ओर से नई रैंकिंग जारी कर दी गई है। इस बार कई सारे अहम और बड़े बदलाव नजर आ रहे हैं। खास तौर पर बड़ी बात ये हुई है कि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट की नंबर एक कुर्सी छिन गई है। इस बीच भारत के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने बहुत लंबी छलांग मार दी है। वे अब छठे नंबर पर आकर काबिज हो गए हैं।
हैरी ब्रूक बने आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक बल्लेबाज
आईसीसी की ओर से जो नई टेस्ट रैंकिंग जारी की गई है, उसमें जो रूट अब नंबर एक बल्लेबाज नहीं रह गए हैं। इंग्लैंड के ही हैरी ब्रूक नंबर एक टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं। हैरी ब्रूक की रेटिंग अब बढ़कर 886 तक जा पहुंची है। जो रूट नंबर एक पर तो नहीं हैं, लेकिन वे दूसरे नंबर पर जरूर बने हुए हैं। जो रूट की रेटिंग अब 868 की हो चुकी है। न्यूजीलैंड के केन विलियमसन 867 की रेटिंग के साथ नंबर तीन पर पहले की ही तरह बने हुए हैं। यशस्वी जायसवाल की रेटिंग तो बदली है, लेकिन उनकी रैंकिंग में कोई भी परिवर्तन देखने के लिए नहीं मिल रहा है। उनकी रेटिंग चार है और इस वक्त 858 की रेटिंग हासिल किए हुए हैं।
शुभमन गिल को मिला 15 स्थानों का उछाल, सीधे नंबर 6 पर पहुंचे
ऑस्ट्रेलिया के शानदार बल्लेबाजों में से एक स्टीव स्मिथ की बात की जाए तो वे नंबर पांच की अपनी कुर्सी को सुरक्षित बचाने में कामयाब हो गए हैं। उनकी रेटिंग अभी 813 की चल रही है। इसके बाद बात करते हैं शुभमन गिल की, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में कमाल का खेल दिखाया था। इसी का नतीजा है कि उन्हें एक साथ 15 स्थानों का उछाल मिला है। वे अब सीधे छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। शुभमन गिल की रेटिंग अब बढ़कर 807 की हो गई है।
ऋषभ पंत को नुकसान, जेमि स्मिथ को भी जबरदस्त फायदा
इसके बाद साउथ अफ्रीका के टेम्बा बावुमा है, वे 790 की रेटिंग के साथ नंबर सात पर बने हुए हैं। इस बीच भारत के ऋषभ पंत को एक स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है। उनकी रेटिंग 790 की हो गई और अब वे खिसककर संयुक्त रूप से नंबर सात पर चले गए हैं। कामेंदु मेंडिस 781 की रेटिंग के साथ नंबर 9 पर ही हैं। उधर इंग्लैंड के विकेट कीपर जेमि स्मिथ ने भी 16 स्थानों की छलांग मारी है। वे अब 753 की रेटिंग के साथ सीधे नंबर 10 की कुर्सी पर कब्जा करने में कामयाब हो गए हैं।

