
बीजापुर। जिले में नक्सलियों की कायराना करतूत सामने आई है। रविवार की देर शाम थाना मद्देड़ अंतर्गत धनगोल गांव के जंगल में मशरूम (फुटु) इकट्ठा करने गए तीन ग्रामीण माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी बम की चपेट में आ गए। इस विस्फोट में एक बालिका सहित तीन ग्रामीण बुरी तरह घायल हो गए।
घायलों में कविता कुड़ियम 16 वर्ष, कोरसे संतोष 26 वर्ष और चिड़ेम कन्हैया 24 वर्ष सभी धनगोल गांव के निवासी हैं। विस्फोट के कारण ग्रामीणों के पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल बीजापुर ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

