छत्तीसगढ़
Trending

 CG BIG News : गणेश विसर्जन करने जा रहे ग्रामीणों को बोलेरो ने रौंदा, 3 की मौत

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मंगलवार की देर रात गणेश विसर्जन करने जा रहे ग्रामीणों को बोलेरो वाहन ने रौंद दिया। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को बगीचा अस्पताल ले जाया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल लाेगाें को अम्बिकापुर रेफर कर दिया गया है। ग्रामीण बगीचा थाने के जुरूडांड़ गणेश विसर्जन के लिए जा रहे थे।

गणेश विसर्जन में शामिल प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बोलेरो वाहन रायकेरा की ओर से आ रही थी और तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर सीधे भीड़ में जा घुसी। हादसे के समय 100 से अधिक लोग विसर्जन जुलूस में शामिल थे, जो गणपति प्रतिमा के साथ तालाब की ओर जा रहे थे। तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से लोग गिर पड़े और कई लोग वाहन के नीचे दब गए। इससे वहां अफरातफरी मच गई। हादसे में अरविंद (19 वर्ष), विपिन कुमार प्रजापति (17 वर्ष), खिरोवती यादव (32 वर्ष) की मौके पर मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लाेग घायल हुए हैं।

इसके बाद गुस्साई भीड़ ने चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। वाहन में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू कर घायलों को बगीचा अस्पताल लाया गया। जहां मेडिकल टीम ने प्राथमिक उपचार कर गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल अंबिकापुर रेफर किया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी शशि मोहन सिंह देर रात अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर मदद का आश्वासन दिया।

 

news desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button