खेल

Women ODI World Cup 2025 : आज भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला

नई दिल्ली । आज भारत के लिए बेहद बड़ा दिन है। बता दें कि आज आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया की टीम से होगा । इससे पहले साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बना ली है। ऐसे में आज जो टीम जीतेगी, वह साउथ अफ्रीका से फाइनल मुकाबला खेलेगी। लेकिन आज होने वाले मुकाबले पर सबसे बड़ा संकट बारिश का मंडरा रहा है। बता दें कि आईसीसी ने आज होने वाले मुकाबले के लिए रिजर्व डे का विकल्प भी रखा है।

ऐसा पहली बार नहीं है जब भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी। आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अब तक दो बार सेमीफाइनल मुकाबले खेले जा चुके हैं और यह तीसरी बार होगा। बता दें कि उन दो सेमीफाइनल मुकाबलों में दोनों टीमों ने एक-एक बार जीत हासिल की थी। 1997 में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भारत को सेमीफाइनल मुकाबले में हराया था, जबकि 2017 में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में हराया था।

हरमनप्रीत कौर पर रहेंगी नजरें
आज होने वाले मुकाबले में सभी की नजरें हरमनप्रीत कौर पर रहेंगी। बता दें कि 2017 में जब भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें सेमीफाइनल मुकाबले में आमने-सामने हुई थीं, तो हरमनप्रीत कौर ने नाबाद 171 रनों की पारी खेली थी और भारतीय टीम को जीत दिलाई थी। आज देखना दिलचस्प रहेगा कि क्या हरमनप्रीत कौर एक बार फिर ऐसा कर पाएंगी। हालांकि आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में दोनों टीमें लीग स्टेज में आमने-सामने हुई थीं, जिसमें ऑस्ट्रेलिया की टीम ने तीन विकेट से जीत दर्ज की थी।

मुंबई में 25% बारिश की संभावना
आज होने वाले मुकाबले पर सबसे ज्यादा चिंता बारिश ने बढ़ा दी है। दरअसल, आज मुंबई में 25% बारिश की संभावना है। मैच के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। लेकिन सबसे अच्छी बात यह है कि आज के मुकाबले के लिए रिजर्व डे रखा गया है। यानी अगर आज मुकाबला नहीं होता है, तो कल मुकाबला खेला जाएगा। अगर कल भी यह मुकाबला नहीं खेला जा सका, तो ऑस्ट्रेलिया की टीम को प्वाइंट्स टेबल में बढ़त के चलते क्वालीफाई कर दिया जाएगा।

दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11 इस प्रकार हो सकती है
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, हरलीन देओल, जेमिमा रॉड्रिग्ज, दीप्ति शर्मा, उमा छेत्री/ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर।

ऑस्ट्रेलिया: एलिसा हीली (कप्तान और विकेटकीपर), फीबी लिचफील्ड, एलिस पेरी, बेथ मूनी, एनाबेल सदरलैंड, एश्ले गार्डनर, ताहलिया मैग्रा, जॉर्जिया वेयरहम, डार्सी ब्राउन, अलाना किंग और मेगन शट।

 

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper